पीड़ित परिवारजन लगा रहे गंभीर आरोप, जिला प्रशासन ने किया खंडन, फिर भी मौतों का रहस्य बरकरार - khabarupdateindia

खबरे


Saturday, 24 October 2026

पीड़ित परिवारजन लगा रहे गंभीर आरोप, जिला प्रशासन ने किया खंडन, फिर भी मौतों का रहस्य बरकरार


रफीक खान
मध्य प्रदेश में सागर के बाद अब देवास जिले में जहरीली शराब का मामला सामने आने से सनसनी व्याप्त है। जिला प्रशासन ने हालांकि शुरुआती तौर पर ही इस तरह की घटना का खंडन कर दिया है। उधर आबकारी आयुक्त ने मामले की जांच करने की बात कही है, जबकि पीड़ित परिवार लगातार आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि 13 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। वहीं 50 से ज्यादा लोगों की आंखों की रोशनी प्रभावित हुई है। कुछ के सामने स्थाई अंधत्व की समस्या खड़ी हो गई है। मामला गंभीर है लेकिन सत्यता जांच की धुंध में गुम हो गई है। The grieving family members are making serious allegations, which the district administration has denied; yet, the mystery surrounding the deaths remains.

मीडिया रिपोर्ट्स तथा इंटरनेट पर जानकारी के मुताबिक देवास जिले के चंदाना और बिंजाना क्षेत्र में 27 सितंबर से 16 अक्टूबर 2026 के बीच संदिग्ध परिस्थितियों में 13 लोगों की मौत हो चुकी है। चंदाना में नौ तथा बिंजना में 4 मौतों का आंकड़ा अब तक सामने आया है। इनमें सभी का आरोप है कि क्षेत्रीय जायसवाल बंधुओ से शराब खरीदी थी और शराब पीने के दूसरे दिन ही इनकी मौत हुई है। पीड़ित परिवार जहां इसे जहरीली शराब बता रहे हैं तो वही सरकारी विभाग इस तरह की बातों को सिर्फ भ्रामक मान रहे हैं। शराब जहरीली है या फिर सामान्य? अब तक इसका कोई प्रमाणीकरण नहीं हो पाया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जो 13 मौत हुई है, उनका कारण भी सत्यापित नहीं है। आरोप- प्रत्यारोप के बीच क्षेत्र के कई लोग आंखों की रोशनी भी गवा चुके हैं। मरने वालों में ज्यादातर मजदूर वर्ग के लोग शामिल हैं। इस शराब कांड को लेकर राजनीतिक आरोप लगना भी शुरू हो गए हैं।