khabarupdateindia

पूर्व कैबिनेट मंत्री रुस्तम सिंह ने दिया बीजेपी से इस्तीफा






जबलपुर। पूर्व आईपीएस अधिकारी तथा पूर्व केबिनेट मंत्री रुस्तम सिंह ने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को लिखे पत्र में उन्होने दो पंक्तियों में अपनी बात समेट दी है। रुस्तम सिंह ने लिखा है ‘मैं भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देता हूं। साथ में समस्त उत्तरदायित्व से इस्तीफा देता हूं।’ पत्र की प्रतिलिपि उन्होने राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री और मुरैना जिलाध्यक्ष को भेजी है। सर्व विदित है कि उनके बेटे राकेश सिंह ने टिकट न मिलने से आहत होकर पार्टी से इस्तीफा दे दिया था और बीएसपी में शामिल हो गए थे।

रुस्तम सिंह 8 साल तक जबलपुर, इंदौर और रायपुर में एसपी के पद पर पदस्थ रह चुके हैं। उन्होने आईजीपी के पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली थी। सेवाकाल में मेधावी और प्रतिष्ठित सेवा के लिये राष्ट्रपति पदक प्राप्त किया। वे सन 2003 में बारहवीं विधान सभा के सदस्य निर्वाचित एवं खेल और युवक कल्याण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण, जैव विविधता तथा जैव प्रौद्योगिकी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री रहे। पूर्व में यह भी चर्चा चलती रही कि रुस्तम सिंह संभवत: अपनी उपेक्षा के चलते कांग्रेस का दामन भी थाम सकते हैं। हालांकि सियासत की चालों के साथ में यह चर्चा सही साबित नहीं हो पाई। बेटा तो बीएसपी में चला गया है, अब रुस्तम से का अगला पड़ाव क्या होगा जल्द ही पता चलेगा।
Previous Post Next Post
khabarupdateindia