चाकू की नोक पर 2 नाबालिक लड़कियों का अपहरण, बोरे में भरकर सतना से प्रयागराज ले गया अंकल, परिजनों को दी वीडियो कॉल से जानकारी - khabarupdateindia

खबरे

चाकू की नोक पर 2 नाबालिक लड़कियों का अपहरण, बोरे में भरकर सतना से प्रयागराज ले गया अंकल, परिजनों को दी वीडियो कॉल से जानकारी





Rafique Khan


मध्यप्रदेश के सतना जिले में सनसनीखेज अपहरण की वारदात घटित हो गई। एक ही मोहल्ले में रहने वाली 2 नाबालिक लड़कियों को अपहृत कर प्रयागराज ले जाया गया है। चाकू की नोक पर किए गए अपहरण के बाद दोनों नाबालिकों को बोरे में बंद कर रखा गया है। परिजनों को वीडियो कॉल के जरिए जानकारी दी गई है। वीडियो कॉल के समय नाबालिक लड़कियां एक होटल में होना बताई जा रही हैं। घटना के बाद पुलिस ने चारों तरफ जाल बिछा दिया है तथा संभावित सभी ठिकानों पर लगातार पड़ताल चल रही है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बताया जाता है कि लड़कियों में से एक की उम्र 16 साल है जबकि दूसरी 6 साल की है। तलाश करने पर जब कुछ पता नहीं चला तो स्वजन मदद के लिए पुलिस के पास पहुंचे। शाम को 16 वर्षीय नाबालिग ने परिजन को वीडियो कॉल किया था। उसने बताया कि एक अंकल ने चाकू दिखाकर डराया और बोरे में बंद कर लिया। वह ट्रेन से प्रयागराज लाए हैं। यहां होटल के कमरे में बंद रखा है।

अर्धवार्षिक परीक्षा देने गई थी

बताया जाता है कि घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम सोहावल की है। 16 वर्षीय लड़की सुबह करीब 10.30 बजे स्कूल में अर्धवार्षिक परीक्षा देने गई थी। देर शाम तक जब घर नहीं लौटी तो परिजन स्कूल गए। जानकारी मिली कि वह स्कूल पहुंची ही नहीं। सहेलियों से पूछने पर भी कुछ पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने आस-पड़ोस में तलाश की तो मालूम पड़ा कि इसी इलाके से 6 साल की एक बच्ची भी गायब है। शाम करीब 6 बजे वीडियो कॉल आने के बाद पुलिस में शिकायत की गई।

एक लड़की को चाकू भी मारा

जानकारी के अनुसार छात्रा के स्वजन ने बताया, बेटी ने हमें कई कॉल किए। वीडियो कॉल भी किया। उसे और बच्ची को किसी होटल के कमरे में बंद करके रखा है। एक उम्रदराज व्यक्ति ने चाकू की नोक पर दोनों का अपहरण किया है। उनके साथ और भी लड़कियां हैं। बेटी ने यह भी बताया कि आरोपित ने उनके साथ मौजूद एक लड़की को चाकू भी मारा है। बताया जाता है कि लड़कियों की तलाश के लिए टीमें लगाई गई है। पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के प्रयागराज भी गई है। साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है। छात्रा ने जिस फोन से कॉल किया था, उसकी लोकेशन प्रयागराज की ही मिली है।