पूर्व कैबिनेट मंत्री का बेटा हेरोइन के साथ पकड़ा गया, पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के शिमला में की कार्रवाई, एक महिला समेत पांच आरोपी गिरफ्तार - khabarupdateindia

खबरे

पूर्व कैबिनेट मंत्री का बेटा हेरोइन के साथ पकड़ा गया, पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के शिमला में की कार्रवाई, एक महिला समेत पांच आरोपी गिरफ्तार

रफीक खान 
पंजाब प्रांत के पूर्व कैबिनेट मंत्री तथा अकाली दल के नेता सुच्चा सिंह लंगाह के बेटे को पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया है। कैबिनेट मंत्री के बेटे पर आरोप है कि वह बड़ी मात्रा में हीरोइन रखा हुआ था। उसके साथ एक महिला समेत कुल पांच आरोपी दबोचे गए हैं। आरोपियों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर इनसे सघन पूछताछ की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि आखिर हीरोइन जैसा मादक पदार्थ इनके पास पहुंचता कैसे और कहां से है।

जानकारी के मुताबिक बताया जाता है कि पुलिस को होटल में युवाओं के नशा करने की सूचना मिली थी। पुलिस की टीम ने होटल के कमरे में रेड की। कमरे में एक महिला सहित 5 लोग थे। पुलिस ने जब सभी से पूछताछ शुरू की, तो एक ने अपनी पहचान प्रकाश सिंह लंगाह के रूप में बताई। प्रकाश ने बताया कि वे सुच्चा सिंह लंगाह का बेटा है, जो दो बार विधायक व पंजाब के पूर्व मंत्री रह चुके हैं। बाकी चार आरोपियों का नाम अबनी, सांगला किनौर, पटियाला और बलबिंदर है। पुलिस ने कमरे से 42.89 ग्राम हेरोइन बरामद की। कमरे में मौजूद सभी आरोपी इस कदर नशे में धुत थे कि वे अपने बारे में ठीक से कुछ बता नहीं पा रहे थे। नशे के साथ गिरफ्तार किए गए प्रकाश सिंह लंगाह की ये पहली गिरफ्तारी नहीं है। मई 2021 में भी प्रकाश सिंह लंगाह को गिरफ्तार किया गया था, तब भी उससे हेरोइन जब्त की गई थी। तब पूर्व कैबिनेट मंत्री सुच्चा सिंह लंगाह ने तत्कालीन कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाए थे और विरोधी होने के चलते जानबूझ कर फंसाने की बात कही थी।सुच्चा सिंह लंगाह का प्रकाश छोटा बेटा है। बताया जाता है कि वो हेरोइन के नशे का आदी है।