3 करोड़ मांगने के आरोप में हटाए गए अशोक नगर के कलेक्टर आदित्य सिंह, साकेत मालवीय को दी गई जिम्मेदारी - khabarupdateindia

खबरे

3 करोड़ मांगने के आरोप में हटाए गए अशोक नगर के कलेक्टर आदित्य सिंह, साकेत मालवीय को दी गई जिम्मेदारी


रफीक खान
मध्य प्रदेश के अशोक नगर जिले की कमान संभाल रहे आईएएस अधिकारी आदित्य सिंह को आरोपों के चलते कलेक्ट्री से हाथ धोना पड़ा है। हाल ही में कलेक्टर आदित्य सिंह पर आनंद धाम की कुछ जमीनों के नामांतरण मामले में तीन करोड रुपए मांगने का आरोप लगाते हुए शिकायतें की गई थी। इसके साथ ही आनंद धाम में व्याप्त अनियमितताओं और अनैतिक गतिविधियों का आरोप एक कांग्रेसी नेता ने लगाया था। इस सबके चलते बुधवार को रात में मध्य प्रदेश सरकार ने कलेक्टर आदित्य सिंह को हटाकर साकेत मालवीय को नया कलेक्टर पदस्थ कर दिया है। Ashok Nagar Collector Aditya Singh removed for demanding Rs 3 crore; Saket Malviya given charge

जानकारी के मुताबिक कहा जाता है कि आईएएस आदित्य सिंह को भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास भोपाल में संचालक नियुक्त किया गया है। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल भोपाल के संचालक साकेत मालवीय को अशोकनगर का कलेक्टर नियुक्त कर दिया गया। आईएएस साकेत मालवीय भी 2014 बैच के अधिकारी हैं। तबादले को जिले के धर्मस्थल में हुए ताजा विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। इससे पहले बुधवार को ही कलेक्टर कमिश्नर कान्फ्रेंस में मुख्य सचिव अनुराग जैन ने स्वास्थ्य एवं पोषण अभियान की समीक्षा करते हुए अशोक नगर कलेक्टर को स्थिति में सुधार लाने को कहा था। मुख्य सचिव ने बैठक में गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच पूरी गुणवत्ता से करने और असत्य आंकड़े प्रस्तुत नहीं करने के लिए भी चेताया था। यानी कि अशोकनगर में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा पाया गया।