अमर्यादित टिप्पणी वाले वीडियो को लेकर जारी किया प्रेस नोट, कल मुख्यमंत्री से होगी मुलाकात, समय निर्धारित - khabarupdateindia

खबरे

अमर्यादित टिप्पणी वाले वीडियो को लेकर जारी किया प्रेस नोट, कल मुख्यमंत्री से होगी मुलाकात, समय निर्धारित


रफीक खान
मध्य प्रदेश के चंबल अंचल की करैरा विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रीतम लोधी द्वारा जारी किए गए वीडियो को लेकर भारतीय पुलिस सेवा संवर्ग के अधिकारियों के संगठन आईपीएस एसोसिएशन द्वारा तीखा विरोध किया गया है। संगठन ने एक प्रेस नोट जारी कर विधायक के इस तरह के आचरण पर आपत्ति जताते हुए निंदा की है। साथ ही कार्रवाई की मांग भी की है। इस संबंध में आईपीएस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष चंचल शेखर के नेतृत्व में बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मुलाकात भी की जाएगी। संगठन और मुख्यमंत्री के बीच होने वाली चर्चा का समय भी निर्धारित कर लिया गया है। Press note issued regarding video containing indecent remarks, meeting with Chief Minister tomorrow, time fixed

आईपीएस एसोसिएशन की जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी द्वारा करैरा एसडीओपी आयुष जाखड़ (भापुसे) के संबंध में मीडिया में वायरल वीडियो में जिस प्रकार की अभद्र, अमर्यादित एवं धमकी भरी भाषा का प्रयोग किया गया है. वह अत्यंत निंदनीय एवं सार्वजनिक जीवन की गरिमा के विपरीत है। उक्त वीडियों में डॉ. आयुष जाखड़ नव नियुक्त पुलिस अधिकारी एवं उनके परिवार के प्रति की गई अपमानजनक टिप्पणियों तथा दी गई धमकियों पूर्णतः अमर्यादित एवं अशोभनीय हैं। यह आचरण एक जनप्रतिनिधि के पद की मर्यादा के विपरीत है तथा प्रशासनिक तंत्र एवं समस्त अधिकारियों के मनोबल पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने आचरण एवं भाषा को संयमित और मर्यादित रखें। इस प्रकार की अमर्यादित भाषा एवं धमकीपूर्ण व्यवहार किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वीकार्य नहीं है और यह प्रशासनिक तंत्र की निष्पक्षता को आहत करता है। मध्यप्रदेश भारतीय पुलिस सेवा संघ इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करता है एवं उचित कार्यवाही की मांग करता है। संगठन ने खास तौर पर यह भी उल्लेखित किया है कि आज बड़ा ही दुर्भाग्यपूर्ण संयोग है कि सिविल सर्विस दिवस के दिन ही एक सिविल सेवा के अधिकारी के साथ किए गए इस तरह के व्यवहार के संबंध में यह नोट जारी करना पड़ रहा है।