रफीक खान
मध्य प्रदेश के नर्मदा पुरम पिपरिया स्टेट हाईवे पर बीती आधी रात को एक टवेरा वाहन और अनाज लादकर जा रहे ट्रैक्टर ट्रॉली के बीच सीधी टक्कर हो गई। घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल होना बताए जा रहे हैं। यह सभी लोग एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा दिया गया है। आंचलखेड़ा के पास हुई इस घटना की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर आवश्यक मदद और कार्रवाई सुनिश्चित की। The accident occurred near Anchal Kheda at midnight while returning from a wedding ceremony, the vehicle was completely destroyed.
जानकारी के मुताबिक कहा जाता है कि टवेरा में सवार सभी लोग माखननगर और महेंद्रवाड़ी के निवासी थे। ये सभी बुधनी में आयोजित राघवेंद्र मोरप्पा के विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। रात में वापस लौटते समय आंचलखेड़ा के पास सामने से आ रही अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार की साइड टकरा गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि टवेरा के परखच्चे उड़ गए और ट्रॉली में लदा अनाज सड़क पर बिखर गया। शोर सुनकर आस-पास के ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए दौड़े। पुलिस टीम भी मौके पर पहुँची और ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे घायलों और शवों को बाहर निकाला गया। सभी को तत्काल जिला अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में जान गंवाने वालों में शुभम मोरप्पा (18), निवासी महेंद्रवाड़ी, विनीत यादव (22), निवासी महेंद्रवाड़ी, साहिल यादव (19), निवासी महेंद्रवाड़ी, हरि सिंह यादव (57), निवासी महेंद्रवाड़ी, संतोष प्रजापति, निवासी माखननगर हैं। घायलों में अमन यादव, विनोद उइके, भारत यादव, आकाश इवने, देवांश इवने, सुमित और राजेश धुर्वे शामिल हैं।
