BJP MLA संजय पाठक ने सहारा ग्रुप के साथ मिलकर किया गड़बड़झाला, EOW ने दर्ज किया मामला - khabarupdateindia

खबरे

BJP MLA संजय पाठक ने सहारा ग्रुप के साथ मिलकर किया गड़बड़झाला, EOW ने दर्ज किया मामला


रफीक खान
मध्य प्रदेश के सबसे अमीर विधायक, मध्य प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री रह चुके तथा वर्तमान में कटनी से विधायक, भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता संजय पाठक और सहारा समूह पर गड़बड़झाला का आरोप लगा है। जमीनों की खरीद फरोख्त में गड़बड़ी के इस आरोप पर राज्य आर्थिक अपराध अनुसंधान ब्यूरो EOW द्वारा मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। BJP MLA Sanjay Pathak did fraud in connivance with Sahara Group, EOW registered a case

जानकारी के मुताबिक कहा जाता है कि जबलपुर, कटनी और भोपाल की सहारा की जमीनें बीजेपी के वरिष्ठ नेता और विधायक संजय पाठक की कंपनियों द्वारा नियम विरुद्ध खरीदने की शिकायत की गई थी। राज्य आर्थिक अपराध अनुसंधान ब्यूरो यानि ईओडब्ल्यू ने सहारा इंडिया रियल एस्टेट कॉरपोरेशन लिमिटेड और सहारा हाउसिंग कॉरपोरेशन के संचालकों और भाजपा विधायक संजय पाठक की कंपनियों के संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वर्ष 2014 में सर्वोच्च न्यायालय और सेबी द्वारा सहारा समूह को निवेशकों की राशि लौटाने के लिए कंपनी की संपत्ति बेचने की अनुमति दी गई थी। सर्वोच्च न्यायालय ने यह निर्देश दिए थे कि जमीन बेचने से प्राप्त राशि को बांद्रा मुंबई के सेबी स्थित अकाउंट में जमा कराया जाए ताकि उस पैसे को गरीब निवेशकों को वापस लौटाया जा सके। उल्लेखनीय है कि सहारा समूह की भोपाल के पास 11 मील चौराहे पर 48 करोड़ रुपए कीमत की लगभग 110 एकड़ जमीन मेसर्स सिनाप रियल एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड को बेची गई थी। जबलपुर में लगभग 100 एकड़ जमीन 20 करोड़ रुपए में मेसर्स नायसा देवबिल्ड प्राइवेट लिमिटेड को बेची गई। कटनी में लगभग 100 एकड़ जमीन 20 करोड़ रुपए में मेसर्स नायसा देवबिल्ड प्राइवेट लिमिटेड को बेची गई थी। इन्हें मिलाकर सहारा समूह द्वारा लगभग 310 एकड़ जमीन को लगभग 90 करोड़ रुपए में बेच दिया गया। 2014 में सुप्रीम कोर्ट के समक्ष मूल्यांकन के बाद खुद सहारा कम्पनी ने केवल मक्सी गांव की 110 एकड़ जमीन की कीमत 125 करोड़ रुपए बताई थी। अब राज्य आर्थिक अपराध अनुसंधान ब्यूरो की टीम जांच के बाद तय करेगी कि किस-किस तरह से नियम कायदों की अवहेलना कर गड़बड़ झाला किया गया है।