रफीक खान
भारतीय जनता पार्टी का चुनाव चिन्ह कमल का फूल और वह भी उल्टा दिखाई दे तो फिर सियासत का गर्मा जाना, लाजमी है। मध्य प्रदेश कांग्रेस की ओर से जारी किया गया एक वीडियो इस समय सियासत के गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। एमपी पीसीसी की आधिकारिक एक्स हैंडल पर यह वीडियो पोस्ट किया गया है। भाजपा इस घटनाक्रम के बाद हमलावर हो गई है और उसने कांग्रेस की इस हरकत पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय संस्कृति का अपमान तक का डाला है।BJP's "lotus upside down", politics on viral video, sharp reaction on Congress
बीजेपी मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि ‘कांग्रेस के डीएनए में है भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय प्रतीकों का अपमान करना है। कांग्रेस ने कमल के फूल को उल्टा दर्शाकर न केवल भाजपा के चुनाव चिन्ह का अपमान किया है, अपितु अपनी कुत्सित मानसिकता का परिचय भी दे रही है।’ भाजपा मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने आगे लिखा है कि 1950 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा कमल को राष्ट्रीय पुष्प घोषित किया गया था। ऐसे प्रतीकों का मजाक बनाकर अपने पूर्वजों का तिरस्कार करने वाली कांग्रेस को सदैव स्मरण रहे कि कमल- मां सरस्वती की सिंहासन है। कमल- सिंधु घाटी सभ्यता का प्रमाण है। कमल- सुशासन, सुरक्षा, विकास की पहचान है। कमल- भ्रष्टाचार, दुराचार और व्याभिचार मुक्त पार्टी का स्वाभिमान है। कमल- विजय विरासत और विश्वास का प्रतिष्ठान है। कांग्रेस अपनी विकृत मानसिकता से बाहर निकले और भारत के राष्ट्रीय, सांस्कृतिक व धार्मिक चिन्ह का अपमान करना बंद करे।
