रफीक खान
मध्य प्रदेश के जबलपुर में भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष तथा नगर पालिका निगम के महापौर रहे प्रभात साहू ने लॉर्डगंज थाने में अपने ऊपर हमला करने वाले दो पुलिस कर्मियों के खिलाफ आपराधिक मामला पंजीबद्ध कराया है। पुलिस ने यह मामला दर्ज तो कर लिया है लेकिन इसे मीडिया को बताने से गुरेज कर रही है। हालांकि पुलिस अधीक्षक ने इनमें से एक पुलिसकर्मी को पहले ही निलंबित भी कर दिया है। अब FIR दर्ज होने के बाद पुलिस कर्मियों पर गिरफ्तारी की तलवार भी लटक गई है। Former mayor Prabhat Sahu filed a criminal case at Lalganj police station, two police officers were named as accused.
उल्लेखनीय है कि गुरुवार की देर शाम बलदेवबाग चौराहे पर पूर्व महापौर प्रभात साहू तथा ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी के बीच विवाद हो गया था। जिसके चलते काफी हंगामा हुआ। लॉर्डगंज पुलिस थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 525/25 के अनुसार थाना गोहलपुर निवासी प्रभात साहू पिता चिंतामन साहू ने बताया कि वह गुलौआ चौक जा रहे थे। तभी पुलिसकर्मी ने उन्हें स्कूटर के सामने आकर रोक लिया। चाबी निकाल ली तथा मां बहन की गाली बकी और अन्य तरह के अभद्र बर्ताव किया। इस आपत्तिजनक स्थिति का उन्होंने विरोध किया तो वायरलेस सेट वॉकी-टॉकी से सिर पर हमला कर दिया। FIR में दीप मेहंदीले तथा शुभम अवस्थी को गवाह बनाया गया है। आरक्षक कृष्ण कुमार पाल तथा एक अन्य के खिलाफ धारा 296, 115 (2), 119 (1), 126 (2), 3 (5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।