रफीक खान
मध्य प्रदेश के इंदौर में एक सनसनीखेज सामूहिक आत्महत्या का मामला सामने आया है। यहां नंदलालपुरा इलाके में 24 किन्नरों ने एक साथ जहर पी लिया। सभी को गंभीर हालत में एमवाई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां आधा दर्जन किन्नरों को आईसीयू वार्ड में उपचार प्रदान किया जा रहा है। इस खौफनाक कदम के पीछे कई गुटों में बंटे किन्नरों का आपसी विवाद और रंजिश को प्रथम दृष्टया कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में लग गई है। A sensational incident has occurred due to rivalry between transgender groups, which has shocked the police.
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कहा जाता है कि पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम करीब 24 किन्नरों के एक साथ कोई जहरीला पदार्थ पीने की सूचना मिली। प्रारंभिक जांच में फिनायल पीने की बात सामने आ रही है। जानकारी यह भी मिल रही है कि कुछ दिन पहले ही दो फर्जी मीडियाकर्मियों ने किन्नरों के साथ दुष्कर्म किया था। जिसके बाद से विवाद जारी था लेकिन किन्नरों ने ऐसा क्यों किया फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें किन्नर सड़क पर हंगामा करते नजर आ रहे हैं। फिनायल पीने के बाद एक गुट से जुड़े किन्नरों ने नंदलालपुरा चौराहे पर चक्काजाम किया था। इस दौरान मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई। किन्नर काफी देर तक हंगामा करते रहे। ऐसा कहा जा रहा है कि इंदौर में सपना गुरु का एक गुट है, दूसरा गुट सीमा और तीसरा पायल गुरु का है। इसके अलावा भी कुछ चेले गुरु बनकर वसूली में लग गए हैं। विवाद में कई बार हंगामा, उपदृव हुए हैं और पुलिस ने मुकदमे भी दर्ज किए हैं।
