रफीक खान
पुलिस के लिए चेकिंग और चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली कोई नई बात नहीं है लेकिन मध्य प्रदेश के सिवनी जिले की पुलिस ऐसे ही एक मामले में बुरी तरह उलझ गई है। एसडीओपी से लेकर टीआई और उनका पूरा स्टाफ लुटेरा बन गया है। कटनी से नागपुर जा रहे 3 करोड रुपए देखकर पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की नियत इस कदर खराब हुई कि पूरा का पूरा पैसा उड़ा दिया। मामला जब मचता हुआ नजर आया तो एक करोड़ 45 लाख रुपए की जप्ती बनाने का प्रयास किया गया। हालांकि तब तक देर बहुत हो चुकी थी, मामले की जानकारी जबलपुर ज़ोन के पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा तक पहुंच गई थी और उनके नेटवर्क से हासिल इनपुट डीजीपी कैलाश मकवाना तक जा पहुंचा। अब दोनों ही वरिष्ठ अधिकारी अपनी निगरानी में पूरे मामले की विस्तृत जांच करवा रहे हैं। इसके पूर्व एसडीओपी पूजा पांडे, बंडोल थाना प्रभारी तथा 10 पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। "Seoni police robbery", SDOP-TI and a dozen policemen suspended in the case of looting Rs 3 crore
जानकारी के मुताबिक कहा जाता है कि महाराष्ट्र के जालना निवासी व्यापारी सोहन परमार का स्टाफ कटनी से जबलपुर सिवनी होते हुए महाराष्ट्र जा रहा था। इनकी कार में करीब 3 करोड रुपए रखे हुए थे। चेकिंग हुई तो नगद रकम पकड़ी गई। इसके बाद पूरी रात घंटो नाटक चला। सिवनी के बंडोल से लेकर एसडीओपी दफ्तर और सोहन सिंह परमार के महाराष्ट्र तक आवाजाही हो गई। कोई प्रकरण नहीं बनाया गया। पूरे 3 करोड रुपए उड़ा लिए गए। इसके बाद डेढ करोड रुपए की जप्ती बनाने के प्रयास किए गए। तब तक मामले की पूरी पोल खुल चुकी थी। सोहन परमार ने पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता को शिकायत की और फिर असलियत सामने आने में देर नहीं लगी। यह बात भी पूरी तरह सच है कि पुलिस भले ही किसी विस्तृत जांच का राग अलाप रही हो लेकिन पूरी सच्चाई विभाग के सामने आ चुकी है। पुलिस को आरोपियों पर एक्शन भी लेना है और विभाग की धूमिल छवि को बचाने की कोशिश भी इस बीच जारी है। जिससे बड़ा एक्शन लेने में हिचकिचाहट हो रही है।
निलंबित अधिकारी कर्मचारी
SDOP पूजा पांडे सिवनी ।
उप निरीक्षक अर्पित भैरम, थाना प्रभारी बंडोल, सिवनी ।
प्रधान आरक्षक माखन, एसडीओपी कार्यालय सिवनी।
प्रधान आरक्षक रविन्द्र उईके, रीडर-एसडीओपी कार्यालय सिवनी।
आरक्षक जगदीश यादव, एसडीओपी कार्यालय सिवनी।
आरक्षक योगेन्द्र चौरसिया, एसडीओपी कार्यालय सिवनी ।
आरक्षक (चालक) रितेश, ड्रायवर एसडीओपी कार्यालय सिवनी।
आरक्षक नीरज राजपूत, थाना बंडोल, सिवनी ।
आरक्षक केदार, गनमैन-एसडीओपी सिवनी, 8 वीं वाहिनी विसबल
आरक्षक सदाफल, गनमैन-एसडीओपी सिवनी, 8 वीं वाहिनी विसबल
