रफीक खान
मध्य प्रदेश के जबलपुर में स्थित बरेला थाना अंतर्गत जमतरा में नर्मदा नदी से निकाली जा रही रेत पर सरकारी अमले की कार्रवाई के पहले ही बवाल खड़ा हो गया। जैसे ही माइनिंग विभाग, राजस्व तथा पुलिस की संयुक्त टीम पहुंची, भगदड़ की स्थिति बन गई। इस दौरान एक युवक नर्मदा नदी में डूब गया, जहां उसकी मौत हो गई इस घटना के बाद जमतरा बरेला का पूरा माहौल बदल गया। अवैध रेत निकासी का अपराध तो किनारे लग गया, पुलिस प्रशासन व राजस्व विभाग पर आरोपों की बौछार हो गई। लोगों की भीड़ ने अवैध वसूली तथा दबाव बनाने के लिए कार्रवाई का आरोप लगाते हुए पुलिस वाहनों की हवा तक निकाल दी। अब मामले को शांत करने के लिए प्रशासन मशक्कत कर रहा है।Chaos erupted before illegal sand mining could be stopped, police vehicles were deflated, and protests erupted.
जानकारी के अनुसार कहा जाता है कि जबलपुर के बरेला अंतर्गत खिरैनी-जमतरा घाट पर 20 अप्रैल 2026 को अवैध रेत खनन की जांच करने पहुंची टीम के डर से नर्मदा नदी में कूदे एक 25 वर्षीय युवक आकाश बर्मन उर्फ मानक वर्मा की डूबने से मौत हो गई। पुलिस टीम द्वारा घेरे जाने पर युवक ने घबराहट में छलांग लगाई थी, जिसके बाद ग्रामीण भड़क गए और प्रदर्शन किया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मौके पर मौजूद माइनिंग टीम को घेर लिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहा है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि सोमवार को एसडीएम, सीएसपी सहित माइनिंग विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम अवैध रेत उत्खनन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान जमतरा नर्मदा घाट में आकाश बर्मन नामक युवक जो कि खिरहनी बरगी निवासी हैं उसकी डूबने से मौत हो गई। पूरे मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
