रफीक खान
मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में तीन दिन पूर्व सिविल इंजीनियर, सिविल कांट्रेक्टर क्लीरेंस एटकिंस की गोली मारकर सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्याकांड के पीछे रायपुर की 15 एकड़ जमीन का मामला है, जिसको खरीदने और उसके बाद धोखेबाजी से दूसरा सौदा करने न्यायालय के माध्यम से रजिस्ट्री शुन्य करने जैसे घटनाक्रम का विवाद सामने आया है। विवाद के चलते मृतक के रिश्ते के ने ही हत्या की पूरी प्लानिंग की और भाड़े के शूटर का भी इंतजाम करवाया। वारदात को अंजाम देने के समय शूटर 10 लाख की महंगी बाइक पर सवार होकर पहुंचे। हत्याकांड के लिए लगातार एक हफ्ते तक रेकी की गई। पल-पल का कैलकुलेशन कर चौराहे को ही घटना के लिए चुना गया। पुलिस सरगर्मी से तीन और आरोपियों की तलाश कर रही है। Sensational Jabalpur murder case exposed; uncle orchestrated the dispute over 15 acres of Raipur land.
शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पुलिस अधिकारियों ने पत्रकारों को यह जानकारी प्रदान की-
गिरफ्तार आरोपी-
1.मोहित ठाकुर पिता दिलीप सिंह ठाकुर उम्र 20 वर्ष पता कवर्धा हाउस पुल न 2 के पास थाना केंट।
2.तेजबल उर्फ़ अरुण रैकवार पिता रामकिशन रैकवार उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम जमुनिया थाना सुआतला जिला नरसिंगपुर हाल अनमोल वाटिका थाना मढ़ोताल।
फरार आरोपी
1. प्रिंस नेल्सन पिता विकास नेल्सन उम्र लगभग 22 वर्ष निवासी बराट कंपाउंड आंगनबाड़ी के सामने ओमती।
2. अर्पित कुशवाहा पिता सुनील कुशवाहा वर्ष निवासी बारात कंपाउंड ओमती।
3. विकास उर्फ बाबा उर्फ रिंकू नेलसन निवासी निवासी बराट कंपाउंड आंगनबाड़ी के सामने ओमती।
ये है पूरी स्टोरी
थाना रांझी में 23 अप्रेल 2026 की सुबह बडा पत्थर नरसिंहनगर मे अशोक मेडिकल के सामने गोली लगने से घायल क्लीरेंस एटकिंस उम्र 39 वर्ष निवासी बड़कू का बाड़ा रांझी को उपचार हेतु अस्पताल ले जाये जाने की सूचना पर थाना प्रभारी रांझी उमेश गोल्हानी हमराह स्टाफ के मेडिकल कालेज पहुंचे जहॉ उपस्थित रोनाल्ड एटकिंस उम्र 30 वर्ष निवासी बडकू का बाडा रांझी ने बताया कि वह बिल्डर का काम करता है, उसके बडे पिता का लडका क्लीरेंस एटकिंस जो बिल्डिंग कन्ंसट्रक्शन का काम करता है, सुबह अपने 5 वर्षिय बेटे को स्कूल छोडकर वापस अपनी मोटर सायकिल से आ रहा था सुबह 8-30 बजे जैैसे ही बडा पत्थर नरसिंह नगर मे अशोक मेडिकल के पास पहुंचा तभी एक मोटर सायकिल पर 2 अज्ञात लोग आये एवं क्लीरेंस एटकिंस को जान से खत्म करने की नीयत से क्लीरेंस एटकिंस के सिर पर बंदूक से फायर कर तेजी से दोनों भाग गये, गोली लगने से क्लीरेंस एटकिंस मोटर सायकिल सहित जमीन पर गिर पडा। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 294/2026 धारा 109(1), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही की गयी। सूचना पर पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता (भा.पु.से.), नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीष साहू , एफएसएल अधिकारी डॉक्टर नीता जैन मौके पर पहुंचे। दौरान उपचार के दोपहर लगभग 2-30 बजे क्लीरेंस एटकिंस की मृत्यु हो गयी। पंचनामा कार्यवाही कर शव को पीएम हेतु भिजवाते हुये प्रकरण में धारा 103(1), बीएनएस बढाई गयी।
मुखबिरों ने जुटाया राज
गठित टीम द्वारा सीसीटीव्ही फुटेज खंगाले गये मुखबिरो को लगाया गया। प्रारम्भिक पतासाजी पर ज्ञात हुआ कि रायपुर के पास स्थित लगभग 15 एकड़ क़ृषि भूमि पर से बराट रोड ओमती निवासी बाबा नेलसन और मृतक क्लेरेन्स एडकिन्स के बीच विवाद चल रहा था, बाबा नेल्सन का बेटा प्रिंस नेल्सन अपने साथी मोहित ठाकुर, तेजबल उर्फ अरुण रैकवार व अर्पित कुशवाहा के साथ फरार हुआ है। सीसीटीव्ही फुटेज, तकनीकी साक्ष्य के आधार पर चिन्हित करते हुये विश्वसनीय मुखबिर की सूचना पर दीनदयाल चौक के पास दबिश देते हुये तेजबल उर्फ अरुण रैकवार उम्र 20 वर्ष निवासी सुआतला नरसिंहपुर हाल अनमोल वाटिका थाना माढोताल को तथा बरेला टोल प्लाजा के पास दबिश देते हुये मोहित ठाकुर उम्र 20 वर्ष निवासी वर्धा हाउस पुल न. 02 थाना कैंट को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ हेतु थाना रांझी लाया गया। सघन पूछताछ करने पर दोनों ने घटना में सम्मिलित होना स्वीकार किया। संदेहियों से पूछाताछ, परिवारजनों के कथन एवं जुटाई गयी जानकारियों से यह पाया गया कि रायपुर के पास लगभग 15 एकड़ क़ृषि भूमि के भूमि स्वामी अजय खराड़कर से क्लेरेन्स एडकिन्स व अन्य पार्टनर का एग्रीमेंट था किन्तु भूमि स्वामी अजय खराड़कर द्वारा बाबा नेलसन और अन्य पर्टनर की सहमति से मीनाक्षी विश्वकर्मा निवासी छिंदवाड़ा के नाम से उक्त भूमि की रजिस्ट्री कर दी गयी जिस पर क्लेरेन्स एडकिन्स ने रजिस्ट्री शून्य करने और अन्य जगह विक्री के लिए स्टे हेतु रायपुर न्यायालय में सिविल सूट लगाया था।
मामा था मेडिएटर
सौदेबाजी में बाबा नेलसन मध्यस्त था, जो चाह रहा था कि क्लेरेन्स एडकिन्स सिविल सूट वापस ले ले, इसी बात पर से बाबा नेलसन और क्लेरेन्स एडकिन्स के बीच विवाद चल रहा था। विवाद के चलते बाबा नेलसन के कहने पर बाबा नेलसन के बेटे प्रिंस ने अपने दोस्त मोहित ठाकुर, अर्पित कुशवाहा, अरुण रैकवार के साथ मिलकर योजना बनाई । योजना के अनुसार 23/4/26 को दो मोटर साइकिल से सुबह 7.30 बजे चारों बड़ा पत्थर पहुँचे, मोहित ठाकुर और अरुण रैकवार रैकी करते हुये क्लेरेन्स एडकिन्स के घर से स्कूल निकलने का सिग्नल दिए तथा प्रिंस और अर्पित ने दूसरी मोटर साइकिल में पीछा करते हुए शिवशक्ति चौराहे के पास देशी पिस्टल से क्लेरेन्स एडकिन्स को गोली मारकर फरार हो गए। दोनों आरोपियों के कब्जे से एक बिना नम्बर की हार्ले डेविडसन मोटर सायकिल एवं बिना नम्बर की सीडी 100 मोटर सायकिल तथा 2 मोबाईल जप्त करते हुये दोनों को प्रकरण में विघिवत गिरफ्तार कर लिया गया। हत्याकांड को सुलझाने में थाना प्रभारी रांझी उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में उप निरीक्षक मयंक यादव, प्रधान आरक्षक सुनील दुबे, पुरुषोत्तम, चन्द्रभान, आरक्षक मनीष अहिरवार, मनीष, अभिषेक, सदीप मेहरा की सराहनीय भूमिका रही।
