रफीक खान
मध्य प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने एक बार फिर कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की पदस्थापना में फेरबदल किया है। मुख्यमंत्री ने अपने कार्यालय से एक समय मुख्य सचिव के प्रबल दावेदार रहे ACS राजेश राजौरा की छुट्टी करते हुए नीरज मंडलोई को जिम्मेदारी सौंपी है। वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची में उनकी नवीन पदस्थापना और जिम्मेदारी को स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।
IAS Rajesh Rajora leaves CM's office, ACS Neeraj Mandloi enters, many seniors get new responsibilities
मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने रविवार को देर शाम वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के बड़े स्तर पर तबादले किए। इन तबादलों में मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर नर्मदा घाटी विकास, नगरीय प्रशासन, ऊर्जा, सामान्य प्रशासन जैसे प्रमुख विभागों के अधिकारी बदले गए हैं। इस फेरबदल में सबसे महत्वपूर्ण नियुक्ति वरिष्ठ IAS अधिकारी नीरज मंडलोई (1993 बैच) को मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव के रूप में पदस्थ किया जाना है। उन्हें इसके साथ ऊर्जा विभाग और लोक सेवा प्रबंधन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। अब तक मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव पद पर कार्यरत वरिष्ठ आईएएस अधिकारी 1990 बैंच के डॉ. राजेश राजौरा को अब उपाध्यक्ष, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण, प्रबंध संचालक, नर्मदा बेसिन प्रोजेक्ट कंपनी लिमिटेड, जल संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव पद पर पदस्थ किया गया है। इसके अलावा अब तक सामान्य प्रशासन विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और कर्मचारी चयन मंडल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और 1993 बैंच के संजय दुबे को नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग उनके पास यथावत रहेगा।नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार शुक्ल को सामान्य प्रशासन विभाग, विधिक प्रकोष्ठ, समन्वय तथा विमानन विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। इसके साथ ही वे कर्मचारी चयन मंडल के अध्यक्ष भी बने रहेंगे। अब तक मत्स्य विकास व आयुष विभाग के प्रमुख सचिव रहे डी. पी. आहूजा को नया दायित्व सहकारिता विभाग के प्रमुख सचिव के रूप में सौंपा गया है। इससे अशोक बर्णवाल को इस प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। वहीं, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग तथा सचिव कार्मिक, सामान्य प्रशासन विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे एम. सेलवेन्द्रन को अब सचिव “कार्मिक”, सामान्य प्रशासन विभाग के रूप में नियुक्त किया है। वहीं, उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त निशांत वरबवड़े को किसान कल्याण तथा कृषि विभाग का सचिव बनाया गया है। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग इंदौर में ओएसडी सह सचिव प्रबल सिपाहा को उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त बनाया गया है। वहीं, मध्य प्रदेश वित्त निगम इंदौर की प्रबंध संचालक राखी सहाय को लोक सेवा आयोग इंदौर का सचिव बनाया गया है। समाचार के साथ आदेश के प्रति संलग्न है।