khabarupdateindia

20 फीट गहरी खाई में गिरा पिकअप वाहन, 18 मजदूरों की मौत, तेंदूपत्ता तोड़कर लौट रहे थे आदिवासी बैगा, छग के कवर्धा में हुई घटना


रफीक खान
छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिला अंतर्गत कुकड़ू थाना क्षेत्र में सोमवार को एक पिकअप वाहन 20 फीट गहरी खाई में जा गिरा। घटना में 18 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जन भर से ज्यादा मजदूरों को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया है। यह सभी मजदूर आदिवासी बैगा समाज के हैं तथा तेंदू पत्ता तोड़कर वापस लौट रहे थे। घटना के बाद मजदूरों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए कवायत की जा रही है। छग के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दुख व्यक्त किया है।

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कहा जाता की कुकदुर थाना क्षेत्र में सेमराहा गांव के रहने वाले मजदूर सोमवार को तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल के इलाके गए हुए थे। तेंदूपत्ता तोड़ने के बाद करीब 4 बजे सभी ग्रामीण पिकअप वाहन पर सवार होकर गांव सेमराहा लौट रहे थे, तभी बाहपानी के पास पिकअप का ब्रेक फेल हो गया। बताया जा रहा है कि पिकअप के ड्राइवर ने सवार लोगों को बताया कि ब्रेक फेल हो गया है और उसने सभी को वाहन से कूदने कहा। वह खुद भी वाहन छोड़कर कूद गया। इसके बाद पिकअप 20 फीट खाई में गिर गया, जिसमें सवार 18 लोगों की काल के गाल में समा गए जबकि अनेक लोग जख्मी हुए है। जानकारी के मुताबिक कवर्धा हादसे में बिस्मत बाई (45 वर्ष), लीला बाई (35 वर्ष), परसदिया बाई (30 वर्ष), भारती (15 वर्ष), सुंती बाई (45 वर्ष), मिला बाई (48 वर्ष), टिकू बाई (40 वर्ष), सिरदारी बाई (45 वर्ष), जमिया बाई (35 वर्ष), मुंगिया बाई (60 वर्ष), झमलो बाई (62 वर्ष), सिया बाई (50 वर्ष), किरण (15 वर्ष), पटोरिन बाई (35 वर्ष) धनईया बाई (48 वर्ष), शांति बाई (35 वर्ष) प्यारी बाई (40 वर्ष), सोनम (16 वर्ष) की मौत हो चुकी है। हादसे में मुन्नी बाई (45 वर्ष ), धान बाई (52 वर्ष), ममता (22 वर्ष ) गुलाब सिंह (50 वर्ष) के नाम की जानकारी सामने आई है।

CM 
विष्णु देव साय ने दुःख व्यक्त किया

छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने एक्स पर पोस्ट डालकर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। साथ ही हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के बाहपानी गांव के पास पिकअप पलटने से 18 ग्रामीणों के निधन एवं घायल होने का दुःखद समाचार प्राप्त हो रहा है। घायलों के बेहतर इलाज के आवश्यक निर्देश ज़िला प्रशासन को दिए गए है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और उनके परिवार के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करता हूँ। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद घायलों को बेहतर उपचार के लिए व्यवस्था की जा रही है।
Previous Post Next Post
khabarupdateindia