khabarupdateindia

श्रद्धा या अंधविश्वास : महिला ने देवी मां के सामने काट दी अपनी जीभ, बोली- मां ने कहा है लौट आएगी वापस



रफीक खान
विज्ञान, तकनीक और आधुनिकता के इस दौर में भी श्रद्धा और अंधविश्वास के बीच फासला नहीं बन पा रहा है। आज भी ऐसी घटनाएं सामने आ जाती हैं, जिस पर बड़े-बड़े धर्माचार्य भी सोचने को विवश हो जाते हैं। पिछले दिनों मैहर की शारदा मंदिर में एक युवक ने अपना गला काटने की कोशिश की और अब चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन जबलपुर के गौरीघाट में एक महिला ने अपनी जीभ देवी मां के सामने काट दी। देवी मां के प्रति महिला की अटूट श्रद्धा है। वह कह रही है की मां का वादा है, उसकी जीभ वापस आ जाएगी। बहरहाल घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी का माहौल निर्मित हो गया। बाद में गंभीर अवस्था में महिला को अस्पताल पहुंचाए जाने की खबर है।

जानकारी के मुताबिक बताया जाता है कि चैत्र नवरात्रि के तीसरे दिन एक महिला भक्त ने अपनी जीभ काटकर देवी माँ के चरणों में अर्पित कर दी। मामला जबलपुर के गौरी घाट के थाना अंतर्गत संजय गांधी नगर से सामने आया है। महिला की बहू रमा ने मौके पर पहुंची मीडिया को बताया कि मम्मी पूजा कर रही थीं। इस दौरान उन्हें माता जी आईं, तो उन्होंने ब्लेड से जीभ काटकर एक पान के पत्ते में रख चढ़ा दी। जब मैंने कहा कि डॉक्टर को दिखा दिया जाए, तो वे बोलीं, इसकी जरूरत नहीं। माँ ने मुझसे कहा है - तेरी जीभ वापस लौटकर आएगी। डॉक्टर की मानें तो 2 घंटे में जीभ को जोड़ा जा सकता है, लेकिन इसके चांसेस बहुत ही कम रहते हैं... इधर, इस घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों ने भजन-कीर्तन शुरू कर दिए और महिला घर में बने इस मंदिर के पास ही लेट गई। बाद में महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाए जाने की खबर है।
Previous Post Next Post
khabarupdateindia