रफीक खान
मध्य प्रदेश के सागर बीना रेलखंड पर शुक्रवार की सुबह एक बड़ा ही दर्दनाक हादसा उस वक्त हो गया, जब ट्रेन में वेंडर की लापरवाही से गर्म चाय यात्रियों के ऊपर गिर गई और खौलती चाय से झुलसे लोगों की छटपटाहट से भगदड़ मच गई। इस दौरान दो युवक ट्रेन से कूद गए और तीसरा धक्का मुक्की में गिर गया। इसके अलावा कई और यात्री घायल हुए हैं। यह घटना बीना के करौंदा स्टेशन के पास घटित हुई। गोरखपुर से पुणे जाने वाली पुणे एक्सप्रेस में सवार यात्री घटना के शिकार हुए हैं। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बीना रेल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेल प्रबंधन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जीआरपी तथा आरपीएफ भी मामले की जांच कर रही है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बताया जाता है कि चाय गिरने से कोच में नीचे सो रहे विश्वनाथ (27) निवासी गोंडा, मनीष (25) निवासी महाराजगंज पुणे, दीपक (32) निवासी गोरखपुर के ऊपर चाय गिर गई। तीनों बुरी तरह झुलस गए। वे हड़बड़ाकर उठे तो कोच में अफरा-तफरी मच गई और सभी इधर-उधर भागने लगे। करोंदा स्टेशन पहुंचने पर भानगढ़ पुलिस को जानकारी दी गई। वहीं यात्रियों ने वेंडर को पकड़कर ट्रेन के बीना स्टेशन पहुंचने पर जीआरपी के सुपुर्द कर दिया।घटना में जख्मी दीपक ने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि वह सो रहा था कि अचानक गर्म चाय गिरी। मैं झुलस गया। अन्य यात्रियों ने जीआरपी तथा आरपीएफ़ टीम को बताया कि गोरखपुर से पुणे जाने वाली पुणे एक्सप्रेस सुबह करीब 6.30 बजे करोंदा स्टेशन के पास से गुजर रही थी। इस समय एक वेंडरचाय बेचने के लिए आया, जिसने लापरवाही पूर्वक थर्मस को पकड़ा और उसका ढक्कन खुल गया। गर्म चाय जनरल कोच में नीचे सो रहे तीन यात्रियों के ऊपर गिर गई, घटना के बाद जो गर्म चाय से झुलसे वह तो छटपटाए ही ट्रेन में अफरा तफरी और भगदड़ का माहौल बन गया था।
Tags
Madhya Pradesh
