गोंडवाना एक्सप्रेस में हंगामा, वेंडर्स और अटेंडेंट में जमकर मारपीट, कई घायल - khabarupdateindia

खबरे


Thursday, 7 November 2024

गोंडवाना एक्सप्रेस में हंगामा, वेंडर्स और अटेंडेंट में जमकर मारपीट, कई घायल


रफीक खान
मध्य प्रदेश के जबलपुर रेल मंडल अंतर्गत आने वाले सागर-बीना रेलखंड पर चलती गोंडवाना एक्सप्रेस में जमकर हंगामा हुआ। देर रात हुए इस हंगामे के बाद वेंडर्स और अटेंडेंट में मारपीट भी हुई। मारपीट में कई वेंडर्स और अटेंडेंट घायल हुए हैं। जीआरपी तथा आर पी एफ ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। यात्री भी बुरी तरह से इस घटना को लेकर हलकान हुए हैं। इस मामले की जांच के आदेश भी रेलवे ने दे दिए हैं। Uproar in Gondwana Express, fierce fight between vendors and attendants, many injured

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कहा जाता है कि जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन की तरफ जा रही गोंडवाना एक्सप्रेस में बुधवार देर रात एसी कोच में घुसने को लेकर अवैध वेंडर्स और अटेंडर्स के बीच लात-घूंसे और रॉड चली। इसमें 7लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई गई है। 3 को इलाज के लिए सागर रेफर किया गया है। इस दौरान ट्रेन करीब 33 मिनट तक खुरई स्टेशन पर खड़ी रही। खुरई सिविल अस्पताल में भर्ती घायल एसी कोच अटेंडर प्रशांत पटेल ने पुलिस तथा मीडिया को बताया कि सागर रेलवे स्टेशन से कुछ लोग ट्रेन के एम-1 कंपार्टमेंट में बिना टिकट घुस गए। इनमें कुछ अवैध वेंडर भी थे, जो पानी की बोतलें बेच रहे थे। हमने इन्हें स्लीपर कोच में जाने के लिए कहा तो वे मारपीट करने लगे। एम-1 एसी कोच स्लीपर से लगा हुआ था। सागर स्टेशन से एक महिला यात्री और एक अवैध वेंडर के साथ तीन लोग कोच में घुस आए। वे पानी की बोतलें लिए थे। सागर रेलवे स्टेशन से 10 किलोमीटर आगे आने के बाद जब उन्हें स्लीपर कोच में जाने के लिए कहा तो उन्होंने जाने से मना कर दिया और गाली-गलौज करने लगे। खुरई स्टेशन के प्लेटफार्म पर ट्रेन पहुंचते ही खींचतान और मारपीट शुरू हो गई और फिर दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। कोच के कांच भी तोड़े, दो घायल सागर रेफर मारपीट में एसी कोच अटेंडर दीपक ठाकुर (21), प्रशांत पटेल (24) के अलावा वेंडर दुर्गेश अहिरवार (32) और कल्याणी पुरी (28) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना में एसी कोच तथा उसमें सवार यात्रियों को भी काफी नुकसान हुआ है। हल्की-फुल्की मारपीट और धक्का मुक्की में चोट तो कई यात्रियों को पहुंची है।