पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में मधुमक्खियों का हमला, TI की मौत, आधा दर्जन से ज्यादा पुलिसकर्मी जख्मी - khabarupdateindia

खबरे


Wednesday, 4 June 2025

पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में मधुमक्खियों का हमला, TI की मौत, आधा दर्जन से ज्यादा पुलिसकर्मी जख्मी


रफीक खान
मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित स्टेट पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में बुधवार को मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। मधुमक्खियों ने एक पुलिस निरीक्षक TI रमेश चंद्र धुर्वे को इस तरह अपनी गिरफ्त में लेकर काटा कि उसकी मौत हो गई। घटना में आधा दर्जन से ज्यादा पुलिस कर्मियों के घायल होने की खबर है। मधुमक्खियों के हमले के बाद यहां हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई और बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल तथा मौके पर पहुंचे। मधुमक्खियां आखिर इस कदर आक्रामक कैसे हो गई? यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। Bees attack police training center, TI dies, more than half a dozen policemen injured

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कहा जाता है कि स्टेट पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के पार्किंग एरिया साइड शेड में एक पेड़ पर मधुमक्खियों ने छत्ता बना रखा है। बुधवार दोपहर पुलिस अधिकारी दैनिक काम निपटा रहे थे, इसी दौरान तेज चले आंधी तूफान से छत्ता क्षतिग्रस्त होने पर मधुमक्खियां भड़क गई और उन्होंने पुलिस अधिकारियों को डंक मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मधुमक्खियों के हमले के कारण पीटीएस में भगदड़ मच गई। बाद में पुलिसकर्मी जैसे तैसे घायल अधिकारियों को चरक भवन अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां इलाज के दौरान इंस्पेक्टर धुर्वे की मौत हो गई। इंस्पेक्टर दिनेश पटेल, एएसआई कैलाश चौहान, बलराम चड़ार, राधेश्याम गोयल, अखिलेश सूर्यवंशी आदि को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।