रफीक खान
महाराष्ट्र से जबलपुर के भड़पुरा आश्रम पहुंचे दर्शनार्थियों के एक समूह में पिता और पुत्र नर्मदा नदी में लापता हो गए। नर्मदा दर्शन के दौरान 10 साल के बेटे का पैर फिसल गया और वह नदी में जा समाया। यह देखकर भला मौके पर मौजूद पिता कैसे चुपचाप खड़ा रहता? उसने भी छलांग लगा दी। दोनों ही नर्मदा नदी के तेज बहाव में गुम हो गए। गोताखोरों ने काफी मशक्कत की लेकिन दोनों का पता नहीं चल पाया। काफी देर तक रेस्क्यू ऑपरेशन भी चलाया गया पर हाथ खाली रहे। घटना के बाद आश्रम से लेकर भड़पुरा घाट तक अफरा तफरी मची रही। A 10-year-old son slipped and fell into the river; seeing this, his father jumped in after him, and both are missing.
जानकारी के मुताबिक कहा जाता है कि जबलपुर जिले के भड़पुरा घाट में बुधवार को नर्मदा नदी में स्नान करने के दौरान महाराष्ट्र से आए पिता-पुत्र गहरे पानी में डूब गए। महाराष्ट्र निवासी 34 वर्षीय गणेश पाटिल और उनका 10 वर्षीय बेटा लकी पाटिल भड़पुरा आश्रम दर्शन के लिए आए थे। दोनों नर्मदा नदी में स्नान कर रहे थे, इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। लोगों ने पिता-पुत्र को बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम द्वारा नर्मदा नदी में पिता-पुत्र की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया। नदी के तेज बहाव के कारण बचाव दल को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। रात 10 बजे रेस्क्यू बंद कर दिया गया। गणेश पाटिल मूलतः महाराष्ट्र के रहने वाले हैं और खेती किसानी करते हैं। मंगलवार को तीन परिवार के तकरीबन 15 सदस्य स्नानद आश्रम दर्शन करने के लिए पहुंचे थे।
