रफीक खान
मध्य प्रदेश की उज्जैन पुलिस ने राजस्थान के एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो मध्य प्रदेश की तलाकशुदा महिलाओं को टारगेट पर रखता था। हाई प्रोफाइल परिवारों की इन महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था और फिर उनसे करोड़ों रुपए ठगी कर लूटता था। एक महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है और अब तक आधा दर्जन मामलों की जानकारी पुलिस को लग गई है, जिनमें करोड़ों रुपए उसने वसूल लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से नगद तथा ब्रांडेड सामग्रियां जप्त की है। पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है। Youth from Rajasthan targeted high-profile families in Madhya Pradesh; arrested by police.
जानकारी के मुताबिक कहा जाता है कि जयपुर का रहने वाला 36 वर्षीय मनीष तलाकशुदा महिलाओं को शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता और फिर महंगे शौक पूरे कराने के नाम पर रुपए ऐंठता था। राजस्थान के पाली से गिरफ्तार आरोपी मनीष ने उज्जैन के एक बिजनेसमैन की बेटी को अपने जाल में फंसाकर अपना शिकार बनाया था। आरोपी करीब तीन-चार महीने में 1.27 करोड़ रुपए महिला से खर्च करा चुका था। महिला ने शुरुआती शिकायत में पुलिस को केवल 35 लाख रुपए की जानकारी दी थी। पूछताछ और लेन-देन की जांच में रकम 1.27 करोड़ रुपए सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपी फिल्मों से प्रभावित था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार मोबाइल नंबर और ठिकाने बदलता रहता था। जांच में धार और निम्बाहेड़ा की दो-दो महिलाओं को भी इसी तरह अपने जाल में फंसाने की जानकारी सामने आई है। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि महिला ने 13 मई 2026 को माधवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि मनीष पिता तीरथदास, निवासी मानसरोवर, जयपुर ने शादी का झांसा देकर उससे संबंध बनाए और भरोसे में लेकर रुपए व महंगे सामान पर खर्च करवाए। सोशल मीडिया या परिचितों के जरिए महिलाओं से दोस्ती करने के बाद उनके पड़ोस में किराए का मकान लेता था। नजदीकी बढ़ने पर शादी का झांसा देता और कभी बिजनेस शुरू करने, तो कभी कारोबार में नुकसान होने की बात कहकर उनसे रुपए खर्च करवाता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी को महंगे जूते-कपड़े, मोबाइल, वाहन और लग्जरी सामान का शौक था। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल, नकदी और ऑनलाइन खरीदा गया सामान जब्त किया है।
