रफीक खान
मध्य प्रदेश के कटनी जिला अंतर्गत बरही के वार्ड क्रमांक 11 में हुए दीपावली की रात अग्नि हादसे में जिंदा जले लोगों की चर्चा के दौरान कलेक्टर आशीष तिवारी आक्रोशित क्षेत्रीय नागरिकों के समक्ष हाथ जोड़कर माफी मांगने के लिए मजबूर हो गए। अग्नि दुर्घटना के बाद कलेक्टर ने घटनास्थल तथा इलाके का दौरा किया। इसी बीच क्षेत्रीय नागरिकों ने कलेक्टर और एसपी अभिनय विश्वकर्मा को घेर कर सवालों की झड़ी लगा दी। कुव्यवस्था का आईना दिखाया और नगर पंचायत से लेकर अस्पताल तक की बदहाली पर तीखे प्रहार करते रहे। कलेक्टर ने पूरे सिस्टम को सुधारने का आश्वासन लोगों को दिया है। Outraged citizens hold authorities accountable, demand an FIR; Collector announces that fire personnel will undergo training in Nagpur.
उल्लेखनीय है कि कटनी के बरही में दीपावली की रात करीब 12:00 बजे जिस घर में आग लगी, वह तीन मंजिला है। नीचे किराने की दुकान है और डिस्पोजेबल आइटम्स की दुकान के साथ गोदाम भी है। ऊपर की दो मंजिलों पर परिवार के लोग रहते थे। आग ग्राउंड फ्लोर स्थित दुकानों से शुरू हुई और इतनी तेजी से फैली तथा विकराल रूप ले लिया कि परिवार की किसी भी सदस्य को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। अग्नि दुर्घटना की सूचना समय पर मिलने के बाद भी चंद कदम का सफर फायर ब्रिगेड को पूरा करने में काफी समय लग गया। एक नहीं 4-4 फायर ब्रिगेड पहुंची लेकिन वह आग को बुझा पाने में कामयाब नहीं हुई। किसी में प्रेशर नहीं था तो किसी का पाइप फटा हुआ था और किसी के नोजल ने काम नहीं किया। पूरन अग्रवाल के घर घटित इस घटना में दो माह के मासूम बच्चे सहित 6 लोग जिंदा जल गए। मरने वालों में 77 साल के पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी 74 साल की चंद्रकला अग्रवाल, बहु पूनम अग्रवाल, नातिन आर्या अग्रवाल, अन्वी तथा दो माह का मासूम बच्चा शामिल है। कलेक्टर ने दावा किया है कि भरसक प्रयास किए गए लेकिन जो कमियां सामने आई है उन्हें नकारा नहीं जा सकता है। नगर परिषद के दमकल अमले को नागपुर से ट्रेड कराया जाएगा। अस्पताल की व्यवस्थाएं सुधारी जाएगी। लोगों के सवालों के बीच जवाब देते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी काफी भावुक नजर आए। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि जिनके यहां यह घटना हुई है, उन पर क्या बीती है इसका अंदाजा लगाना नामुमकिन है। पूरे सिस्टम को एडवांस और स्ट्रांग बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
