मध्य प्रदेश के 12 कलेक्टर व एसपी कटघरे में, विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक संगठनों ने लगाए गंभीर आरोप, 3 अफसरों की भाजपा व कांग्रेस दोनों ने की शिकायत - khabarupdateindia

खबरे


Friday, 24 November 2023

मध्य प्रदेश के 12 कलेक्टर व एसपी कटघरे में, विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक संगठनों ने लगाए गंभीर आरोप, 3 अफसरों की भाजपा व कांग्रेस दोनों ने की शिकायत

 



Rafique Khan

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव अभी मतगणना से करीब एक हफ्ते की दूरी पर है, इस बीच राजनीतिक संगठनों ने 12 कलेक्टर व एसपी को आड़े हाथों लिया है। इन अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग को शिकायतें की गई है। इन शिकायतों की जांच चुनाव आयोग करेगा और अगर कटघरे में आए कलेक्टर व एसपी पर लगाए गए आरोप साक्ष्य सहित प्रमाणित हो गए तो संबंधित अधिकारियों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। 12 कलेक्टर व एसपी में 3 ऐसे हैं, जिन पर कांग्रेस तथा भारतीय जनता पार्टी दोनों ही पार्टियों ने आरोप लगाए हैं।

जानकारी के मुताबिक बताया जाता है कि ऐसे अधिकारियों की शिकायतों पर चुनाव आयोग पहले गोपनीय तरीके से जानकारी संग्रहित कर रहा है। इसके बाद वह इन अधिकारियों से कारण बताओं नोटिस या अन्य नोटिस के तहत जवाब तलब भी कर सकता है। संपूर्ण जांच के उपरांत ही तय हो पाएगा कि अधिकारियों के द्वारा वाकई में चुनाव आचरण संहिता के विपरीत काम किया गया है या नहीं? और उनके द्वारा की गई यह त्रुटि किस स्तर की है।

इन अधिकारियों पर लगाए गए हैं आरोप

1- नरसिंहपुर कलेक्टर रिजु बाफना- भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर कलेक्टर मैडम ने वोटिंग प्रतिशत कम करवाया।

2- भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव - भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों ने इनकी शिकायत की है। श्रीवास्तव ने चुनाव के ठीक 1 दिन पहले भिंड जिले में दो पहिया वाहनों तक पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके कारण भाजपा नाराज हो गई थी। हाल ही में कांग्रेस पार्टी के नेता प्रतिपक्षडॉ गोविंद सिंह ने संजीव श्रीवास्तव पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

3- रतलाम कलेक्टर श्भास्कर लक्षकार- भाजपा ने आरोप लगाया है कि रतलाम विधानसभा के बूथ क्र. 222 में निर्वाचन अधिकारी द्वारा जान बूझकर धीमी गति से मतदान कराकर मतदान प्रक्रिया को प्रभावित किया है। शिकायत के बाद भी जिला निर्वाचन अधिकारी ने कार्रवाई नहीं की।

4- अशोक नगर कलेक्टर सुभाष कुमार द्विवेदी - कांग्रेस पार्टी ने शिकायत की थी। इसके लिए हाईकोर्ट जबलपुर के आदेश को आधार बनाया, जिसमें उन्हें चुनाव ड्यूटी से हटाने के निर्देश दिए गए थे।

5- सागर कलेक्टर दीपक आर्य - कांग्रेस पार्टी ने सुरखी विधानसभा से प्रत्याशी और मंत्री गोविंद राजपूत को लाभ पहुंचाने के लिए वाहन का एक दिन का खर्च 2500 से घटाकर 1250 रुपए करने का आरोप आरोप लगाया।

6- सीधी कलेक्टर साकेत मालवीय - सिंगरौली जिला पंचायत सीईओ रहे हैं, इसलिए कांग्रेस पार्टी ने तीन साल की पदस्थापना पर चुनाव आयोग की गाइडलाइन के विरुद्ध पदस्थ बताते हुए हटाने की मांग की गई थी।

7- सतना कलेक्टर अनुराग वर्मा - कांग्रेस पार्टी ने शिकायत की थी कि  अनुराग वर्मा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारी के साथ खड़े होकर शपथ ली थी।

8- दतिया कलेक्टर संदीप माकिन - कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा के प्रत्याशी एवं मध्य प्रदेश के गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा का सपोर्ट कर रहे हैं।

9- निवाड़ी पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल- भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया है कि जायसवाल ने केवल भाजपा के कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए आचार संहिता के उल्लंघन को नजर अंदाज किया।

10- मुरैना एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान- पर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में काम करने का आरोप।

11- दतिया एसपी प्रदीप शर्मा- पर भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में काम करने का आरोप।

12- जबलपुर एसपी आदित्य प्रताप सिंह- पर भारतीय जनता पार्टी के लिए काम करने का आरोप।