मोहन कैबिनेट के मंत्री हुए तय, राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह संभवत कल होगा, डेढ़ से दो दर्जन मंत्री ले सकते हैं शपथ - khabarupdateindia

खबरे


Monday, 18 December 2023

मोहन कैबिनेट के मंत्री हुए तय, राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह संभवत कल होगा, डेढ़ से दो दर्जन मंत्री ले सकते हैं शपथ




Rafique Khan

मध्य प्रदेश में डॉक्टर मोहन यादव के मुख्यमंत्री के रूप में सामने आने के बाद से ही नए मंत्रिमंडल की अटकालें लगातार जारी है। भारतीय जनता पार्टी अपने कार्य पद्धति के मुताबिक मोहन कैबिनेट के मंत्रियों के नाम तय कर चुकी है। दिल्ली में रविवार की रात इस पर अंतिम मोहर भी लगा दी गई है। मध्य प्रदेश के कद्दावर बीजेपी नेताओं को बुलाकर दिल्ली में उनकी भूमिका भी समझा दी गई है। ऐसी उम्मीद की जा रही है कि मंगलवार को शाम 5 बजे नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में आयोजित हो सकता है। इस मंत्रिमंडल में डेढ़ से दो दर्जन मंत्री शपथ ले सकते हैं। मंत्रियों के लिए कार्यालय, चेंबर और कार आदि की तैयारी को भी पूरी तरह से अंतिम रूप दिया जा चुका है।


ऐसा कहा जा रहा है कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री और दो डिप्टी सीएम की शपथ ग्रहण के बाद मंगलवार को कैबिनेट के मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह होगा। राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक मंत्रिमंडल में केंद्र से मध्यप्रदेश चुनाव लड़ने आए सांसदों को भी मंत्री बनाया जा सकता है। इससे पहले मोहन सरकार के कैबिनेट के चेहरे तय करने के लिए रविवार को दिल्ली में मंथन हुआ था। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निवास पर प्राथमिक मुहर लग गई। कैबिनेट में 18-20 चेहरे होंगे, जरूरत पर विस्तार होगा। कैबिनेट में युवा और चौंकाने वाले चेहरे होंगे। शिवराज मंत्रिमंडल के ज्यादातर चेहरों को फिर से मंत्रिमंडल में शामिल करने की संभावनाएं कम है। डॉ. मोहन यादव उज्जैन से भोपाल लौटे और स्टेट हैंगर से ही दिल्ली चले गए थे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और नरेंद्र सिंह तोमर भी वहीं थे। संगठन की सूची में इसमें विकल्प के रूप में कई नाम थे। नड्डा के निवास पर घंटेभर राजनीतिक विमर्श हुआ। इसमें 60 से कम उम्र वाले नेताओं पर फोकस है। प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय, राकेश सिंह; राव उदय प्रताप सिंह, रीति पाठक, संपत्तिया उईके, रमेश मेंदोला, तुलसी सिलावट, प्रद्युम्न सिंह तोमर, गोविंद सिंह राजपूत, विष्णु खत्री, भगवान दास सबनानी या अशोक रोहाणी, हेमंत खंडेलवाल, निर्मला भूरिया, प्रदीप लारिया, संजय पाठक, भूपेंद्र सिंह, ब्रजेंद्र प्रताप सिंह, विश्वास सारंग, रामेश्वर शर्मा, शैलेंद्र जैन या अनिल जैन, जय सिंह मरावी,गोपाल भार्गव, विजय शाह, जयंत मलैया, अजय विश्नोई, अर्चना चिटनिस, मीना सिंह आदि के नाम पर चर्चा की गई तथा कुछ नाम पर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने खास तौर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने बल भी दिया है।