कर्ज में डूबे किसानों से टैक्स वसूलने की तैयारी में सरकार, Ex CM बोले- मैंने माफ किया, इन्होंने योजना ही बंद कर दी - khabarupdateindia

खबरे


Sunday, 21 January 2024

कर्ज में डूबे किसानों से टैक्स वसूलने की तैयारी में सरकार, Ex CM बोले- मैंने माफ किया, इन्होंने योजना ही बंद कर दी



Rafique Khan

मध्य प्रदेश के 27 लाख किसानों का 5 साल पूर्व कर्ज माफ कर दिया गया था लेकिन नई सरकार ने कर्ज माफी की इस योजना पर ही ताला लगा दिया। अब कर्ज में डूबे किसानों से टैक्स वसूलने की तैयारी हो रही है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार पर उक्त आरोप लगाते हुए कहा है कि ऐसी सरकार भला कैसे किसानों की हितैषि हो सकती है।

पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने रविवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा कि किसानों से आयकर वसूलने की खबरों से हतप्रभ हूं। कर्ज में डूबा देश का किसान अपनी फसलों के सही दाम के लिए संघर्ष कर रहा है और सरकार आयकर वसूलने की तैयारी कर रही है। हमें सबसे पहले किसानों की आय तय करने के साथ साथ उन्हें कर्जमुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने की जरूरत है। मैंने अपनी अल्पकालिक सरकार में मध्य प्रदेश के 27 लाख किसानों का कर्जमाफ किया था, लेकिन नई सरकारों ने कर्जमाफी योजना को ही बंद कर दिया है। कमलनाथ ने एक वीडियो भी जारी किया है। वीडियो के जरिए उन्होंने बताया कि किसानों की इनकम दोगुनी करने का झूठ फैलाया। पहले किसानों की कर्जमाफी रोकी, फिर उन्हें डिफॉल्टर बनाया और अब उनसे वसूली की तैयारी की जा रही है।