आधी रात के बाद डिंडोरी के शाहपुरा में पलटी पिकअप, 14 लोगों की दर्दनाक मौत, 21 हुए घायल, मृतकों में 6 पुरुष और 8 महिलाएं - khabarupdateindia

खबरे

आधी रात के बाद डिंडोरी के शाहपुरा में पलटी पिकअप, 14 लोगों की दर्दनाक मौत, 21 हुए घायल, मृतकों में 6 पुरुष और 8 महिलाएं


Rafique Khan

मध्य प्रदेश के आदिवासी बाहुल्य जिला डिंडोरी में बुधवार तथा गुरुवार की दरमियानी रात करीब 3 से 3:30 बजे के बीच एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना में 14 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हुए हैं। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। पिकअप वाहन में 45 लोग सवार होना बताए जा रहे हैं। मरने वालों में 6 पुरुष और 8 महिलाएं शामिल है। ऐसा बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में सवार लोग एक गोद भराई कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद वापस लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक घटना हो गई। घटना पर प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक ने शोक व्यक्त किया है तथा राहत राशि की भी घोषणा की गई है।

इस सिलसिले में मिली जानकारी के अनुसार बताया जाता है कि ग्रामीण अमाही देवरी गांव से मंडला जिले के मसूर घुघरी गांव गोदभराई कार्यक्रम के लिए गए थे। लौटते समय उनका पिकअप अनियंत्रित होकर पलटा और 20 फीट नीचे खेत में जा गिरा। सूचना पाकर डिंडोरी के कलेक्टर विकास मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अखिल पटेल और एडिशनल पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम मौके पर शाहपुरा अस्पताल पहुंचे। अफसरों ने घायलों के समुचित इलाज का निर्देश दिया है। उधर, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी घटना की जानकारी अफसरों से ली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डिंडोरी जिले में वाहन दुर्घटना में कई अनमोल जिंदगियों के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सीएम ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि वह दिवंगत आत्माओं की शांति और परिवार के सदस्यों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना में घायल हुए लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जायेगी। घायलों के समुचित इलाज के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं। डिंडोरी में हुई सड़क दुर्घटना पर PM नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। PM ने कहा, घटना अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करे। इसके साथ ही मैं सभी घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मोदी ने कहा राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव सहायता में जुटा है। PCC चीफ जीतू पटवारी ने दुख व्यक्त किया है। पटवारी ने कहा, डिंडोरी में पिकअप वाहन पलटने से 14 लोग की मृत्यु की दुखद सूचना मिली है। मैं दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रभु से प्रार्थना करता हूं।

हादसे में इनकी गई जान


दन सिंह पिता बाबू लाल (उम्र 50 वर्ष)

प्रीतम पिता गोविंद बरकड़े (उम्र 16 वर्ष)

पुन्नू पिता रामलाल (उम्र 55 वर्ष)

भड्डी बाई (उम्र 35 वर्ष)

सेमबाई पति रमेश (उम्र 40 वर्ष)

लालसिंह (उम्र 53 वर्ष)

मुलिया (उम्र 60 वर्ष)

तितरी बाई (उम्र 50 वर्ष)

सावित्री (उम्र 55 वर्ष)

सरजू पिता धनुवा (उम्र 45 वर्ष)

रागी बाई पति चंदू (उम्र 35 वर्ष)

बसंती (उम्र 30 वर्ष)

रामवती (उम्र 30 वर्ष)

किरपाल (उम्र 45 वर्ष)