Mining Team : माइनिंग टीम पर पथराव, अफसरो को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, एक ग्रामीण की आंख फूटी, अवैध खनन रोकने के लिए गया था अमला - khabarupdateindia

खबरे


Friday, 15 March 2024

Mining Team : माइनिंग टीम पर पथराव, अफसरो को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, एक ग्रामीण की आंख फूटी, अवैध खनन रोकने के लिए गया था अमला


रफीक खान
मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में अवैध उत्खनन रोकने के लिए माइनिंग विभाग का अमला पहुंचा तो उसे जमकर पथराव का सामना करना पड़ा। कथित तौर पर पथराव दोनों और से हुआ लेकिन सामने आए वीडियो में अफसरो को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया है। घटना में एक ग्रामीण की आंख भी फूट गई है। गुस्साए ग्रामीणों ने सरकारी गाड़ियों में भी जमकर तोड़फोड़ की है। सूचना पर पुलिस तथा प्रशासन का बड़ा अमला मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया गया। घटना की जांच के भी आदेश दिए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक कहा जाता है कि गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे जिले में अवैध खनन रोकने पहुंची माइनिंग विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। मामला कालापीपल तहसील के मोहम्मदपुर मछनई गांव का है।माइनिंग विभाग को शिकायत मिली थी कि यहां कुछ कंजर समुदाय के लोग पार्वती नदी में रेत का अवैध खनन कर रहे हैं। जिसके बाद जिला खनिज अधिकारी आरिफ खान पुलिस लाइन से अतिरिक्त रिजर्व फोर्स और खनिज उत्खनन का ठेका लेने वाली निजी कंपनी के लोगों के साथ पोकलेन मशीन जब्त करने पहुंचे थे। अधिकारियों के पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि ठेकेदार प्राइवेट गुंडे लेकर बंद पड़ी पोकलेन मशीन को जबरन जब्त करने आए हैं। जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया और टीम पर पथराव कर दिया। गांव वालों ने अधिकारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। कुछ गाड़ियों के कांच टूट गए। अफसरों को अपनी जान बचाकर वहां से भागना पड़ा। गांव वालों ने इस घटना के वीडियो भी बनाए। वीडियो में ग्रामीण विरोध करते हुए दिख रहे हैं। दोनों तरफ से हुई पत्थरबाजी में एक युवक के आंख के ऊपर गंभीर चोट आई है। घायल का नाम अभी सामने नहीं आया है। फिलहाल, उसे इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है।