केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य के बेटे महाआर्यन सिंधिया को उनके ही मैनेजर ने लगाया 12 लाख रुपए का चूना, पुलिस ने दर्ज की FIR - khabarupdateindia

खबरे

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य के बेटे महाआर्यन सिंधिया को उनके ही मैनेजर ने लगाया 12 लाख रुपए का चूना, पुलिस ने दर्ज की FIR



रफीक खान
केंद्रीय मंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महा आर्यन सिंधिया को उनके ही मैनेजर ने 12 लाख रुपए का चूना लगा दिया। ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यन अपने एक पार्टनर के साथ मिलकर एक कंपनी का संचालन करते हैं। हाइपर ग्रोसर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के प्रोक्रूटमेंट मैनेजर ने फल सब्जी की खरीद में₹12 लाख की जालसाजी की। इस फ्रॉड कार्य में मैनेजर के अलावा भी लोग शामिल थे। पुलिस ने अपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। जांच में जिन लोगों का नाम सामने आएगा, उन्हें आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक कहा जाता है कि हाइप्रोफाइल मामला सामने आने पर जालसाजी में शामिल लोगों को तलाशा जा रहा है। उत्कर्ष हेन्डे निवासी श्रीधर अपार्टमेंट (जनकगंज) ने पुलिस को बताया वह हाइपर ग्रोसर कंपनी में प्रबंधक हैं। दो साल पहले 16 अप्रैल को कंपनी में शिवम गुप्ता को लक्ष्मीगंज मंडी में प्रोक्यूरमेंट मैनेजर के पदस्थ किया था। 19 मई को कंपनी का लेखा जोखा चैक करने पर पता चला प्रोक्यूरमेंट मैनेजर शिवम गुप्ता ने बाहर के लोगों के साथ सांठगांठ कर कंपनी से 12 लाख रुपए की ठगी की है। उत्कर्ष ने पुलिस को बताया ठगी पकड़े जाने पर शिवम गुप्ता ने भी हामी भरी है, उसने कुछ नए और पुराने वेंडर के साथ मिलकर जालसाजी की है। उसके साथ ठगी में हिंदराज कुशवाह, विभोर यादव, राहुल कलोटा, विराट जाटव, अरमान खान और कमल साहू शामिल थे। हाइपर ग्रोसर कंपनी छोटे किसानों से नकद खरीद करती है, जबकि बड़े सौदे ऑनलाइन होते हैं। इसमें सर्विस टैक्स भी कंपनी वसूलती है। शिवम दो साल तक कंपनी का सर्विस टैक्स का पैसा भी चुराता रहा। कंपनी के प्रोक्यूरमेंट मैनेजर शिवम गुप्ता ने श्याम ट्रेडिंग कंपनी के नाम से फर्म बनाई थी। शिवम और उसके साथी फर्जी फर्म के नाम से सस्ते दाम पर सब्जी खरीदकर हाइपर ग्रोसर कंपनी को महंगे दामों पर बेचते थे। इसके अलावा खरीद फरोख्त के फर्जी बिल बनाकर असली कंपनी से पैसा ऐंठते थे।