रफीक खान
मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में सिविक सेंटर अंजुमन स्कूल के सामने स्थित डॉक्टर राजेंद्र अग्रवाल के सोनोग्राफी एक्सरे सेंटर तथा उनकी ही आधारताल स्थित एक ब्रांच में पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मार कार्रवाई की। सोमवार की शाम जांच टीम ने लिंग परीक्षण और गर्भपात के इनपुट के आधार पर डिजिटल तथा मैन्युअल रिकॉर्ड जप्त किए। पुलिस ने अपने स्तर पर भी पंटर भेज कर पड़ताल कराई। दोनों सेंटर्स को सील कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर सेंटर संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाएगा। A joint team from the police and the Health Department conducted an investigation into allegations of sex determination and abortion, and seized records.
स्पा सेंटर और कैफे में देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई के बाद सोमवार को गैरकानूनी काम करने वाले सोनोग्राफी सेंटर्स पर प्रशासन ने फोकस किया है। ऐसा कहा जा रहा है कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओमती थाना क्षेत्र में अंजुमन स्कूल के सामने संचालित डॉ. राजेंद्र अग्रवाल के सोनोग्राफी सेंटर में लंबे समय से अवैध रूप से लिंग परीक्षण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई। पुलिस कर्मचारियों और अधिकारियों ने खुद सेंटर्स पहुंचकर गर्भ जांच का सौदा ₹15000 में तय किया और तब यह मान लिया गया कि यहां क्या-क्या चल रहा है? इसी दौरान अधारताल स्थित उनके दूसरे सोनोग्राफी सेंटर पर भी एक साथ छापा मारा गया। कार्रवाई के समय दोनों सेंटरों पर कई गर्भवती महिलाएं मौजूद थीं। जांच के दौरान टीम ने रजिस्टर, रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए। प्रारंभिक जांच में रिकॉर्ड में कई अनियमितताएं सामने आईं। अधिकारियों के अनुसार रजिस्टर में दर्ज कई महिलाओं की उम्र कम पाई गई, जबकि कुछ मामलों में नाम और पते भी संदिग्ध मिले हैं। जब्त दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। रजिस्टर में दर्ज महिलाओं के नाम, पते और मोबाइल नंबरों के आधार पर उनसे भी पूछताछ की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद सेंटर संचालक के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
