रफीक खान
मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में एक हाथी ने ऑटो ड्राइवर को सूंड से उठाकर पटका और पैरों से कुचलकर मार डाला। यह घटना उस वक्त हुई, जब ऑटो ड्राइवर ने हाथी को गुड खिलाते-खिलाते महावत के हाथों में पूरा गुड़ दे दिया। ऑटो ड्राइवर की यह हरकत हाथी को रास नहीं आई और उसका मिजाज बिगड़ गया। आक्रामक हुए हाथी द्वारा की गई इस घटना के बाद भिक्षावृक्ति कर रहे महावतों ने ऑटो ड्राइवर को उठाकर संभालने की कोशिश की लेकिन कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने महावतों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। Elephant turns aggressive after being fed jaggery by mahout; police register case against mahouts engaged in begging.
जानकारी के मुताबिक कहा जाता है कि यह घटना शनिवार शाम करीब 4:18 बजे राजनगर पुलिस चौकी के पास हुई। मृतक की पहचान 49 वर्षीय विजय उर्फ लक्ष्मण राव होलकर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विजय वहां से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने हाथी को रोककर उसे गुड़ खिलाना शुरू किया। तभी अचानक हाथी आक्रामक हो गया और उसने विजय को सूंड से उठाकर जोर से जमीन पर पटक दिया। इसके बाद हाथी ने उन्हें पैर से भी कुचल दिया जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। चंदन नगर थाना पुलिस के अनुसार हाथी को उज्जैन से जैन समाज के एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए इंदौर लाया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद महावत हाथी को लेकर इलाके में घूम रहा था और भिक्षावृत्ति कर रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। घायल विजय को पहले जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें वर्मा यूनियन अस्पताल रेफर किया गया, जहां शाम करीब 7:30 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। विजय अपने पीछे पत्नी, एक बेटे और अन्य परिजनों को छोड़ गए हैं। वायरल वीडियो को देखने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। महावत को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही हाथी के संबंध में इंदौर चिड़ियाघर के अधिकारियों को भी सूचना भेजी गई है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जानकारी में घटना के समय मृतक के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है, लेकिन इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
