हार गया सिस्टम: भाजपा नेता की हेकड़ी निकालने वाला पुलिस अधिकारी हो गया दबाव का शिकार - khabarupdateindia

खबरे


Thursday, 27 August 2026

हार गया सिस्टम: भाजपा नेता की हेकड़ी निकालने वाला पुलिस अधिकारी हो गया दबाव का शिकार


रफीक खान
मध्य प्रदेश के रीवा जिले में नशीली कफ सिरप पकड़ने के मामले में भारतीय जनता पार्टी के एक नेता की दखलअंदाजी और फिर थाने में आकर विरोध जताने की कोशिश के बीच थाना प्रभारी ने जबरदस्त पलट वार किया। पुलिस पर दबाव बना रहे भाजपा नेता की हेकड़ी थाने में फटकार लगाकर उतार तो दी लेकिन थाना प्रभारी का ये दांव उल्टा पड़ गया। सीधे तौर पर कहा जाए तो सिस्टम हार गया। भाजपा नेता का दबाव काम आया और उन्होंने इस अपमान का बदला थाना प्रभारी को लाइन अटैच करवा कर निकाल लिया। हमेशा की तरह थाना प्रभारी को थाने के प्रभार से हटाने में "प्रशासनिक दृष्टिकोण" जोड़ दिया गया। रीवा जिले के पुलिस अधीक्षक गुरु करण सिंह ने गुरुवार की शाम आदेश जारी कर दिया। The system lost: Police officer who humbled the BJP leader fell victim to pressure.

उल्लेखनीय है कि पुलिस ने पुनीत साहू उर्फ़ पंकज के आइसक्रीम के ठेले से नशीला कफ सिरप पकड़ लिया और उसे हिरासत में लिया था। भाजपा नेता बंसीलाल साहू को यह नागवार गुजरा और उन्होंने पहले टीआई विजय सिंह बघेल को फोन लगाकर छोड़ने की बात कही। फिर खुद थाने जा पहुंचे। थाने में बहस से लेकर धरना देने की कोशिश तक का वीडियो सामने आया था। वीडियो में भाजपा नेता बंसीलाल साहू थाने के मेन गेट पर धरना देते नजर आए। थाना प्रभारी विजय सिंह ने उन्हें उठाया। टी विजय सिंह बघेल ने इस दौरान भाजपा नेता को साफ शब्दों में समझाया ज्यादा नौटंकी मत करो, दबाव से काम नहीं चलेगा, बेवजह की अड़चन करोगे तो मुकदमा ठोक दिया जाएगा। शायद जज्बात में टीआई साहब यह भूल गए थे कि वह बातें तो बिल्कुल जायज कर रहे हैं लेकिन हालात की कसौटी पर वे खरे नहीं उतर पाएंगे।