रफीक खान
मध्य प्रदेश के सागर जिला अंतर्गत बंडा ब्लाक में हुए जहरीली शराब से मौतों के तांडव ने जहां अभी भी जिम्मेदारों का चैन छीन रखा है। वहीं पड़ोसी जिला दमोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रंजीता पटेल के पति भारतीय जनता पार्टी के नेता गौरव पटेल की बर्थडे पार्टी और उसमें गया गया गाना तथा डांस काफी वायरल हो रहा है। वीडियो में सुनाई दे रहा है कि माननीय नेताजी के बर्थडे पर गायक कलाकार "पौआ ने पीयो घने-घने, बंडा में मर गए केऊ जने" की प्रस्तुति दे रहा है और बाहर से बुलाई गई डांसर ठुमके लगा रही है। इस घटनाक्रम के बाद माननीय नेताजी को खूब कोसा जा रहा है और उन पर शराब कांड के मजाक उड़ाने का भी इल्जाम लग रहा है। माननीय नेताजी द्वारा माफी मांगने की बात भी सामने आई है। "Drank plenty of liquor on Netaji's birthday, several people died in Banda"—apology issued after video goes viral.
उल्लेखनीय है कि सागर के बंडा में मिलावटी शराब से अभी तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है। कई लोग अभी भी अस्पताल में हैं। पूरा प्रदेश इस घटना से गमगीन है। प्रभावितों के परिजनों को ढाढस बंधाने सीएम मोहन यादव खुद से उनसे मिले थे। मुख्यमंत्री ने जहां इतनी संवेदना दिखाई वहीं इलाके के ही एक भाजपा नेता ने दर्जनों मौतों का मानो तमाशा बना दिया। उनके बर्थ डे पर बंडा कांड पर आपत्तिजनक डांस हुआ। गायक ने शराब को लेकर गाना गाया और युवतियां नाचती रहीं। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में सांसद सहित अनेक वरिष्ठ भाजपा नेता भी उपस्थित थे। वायरल हुए वीडियो को जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल की बर्थडे पार्टी का बताया जा रहा है। ऐसा कहा जा रहा है कि डांस का वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी बचाव की मुद्रा में आ गई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल ने माफी मांग ली है। उन्होंने कहा है कि कलाकारों का मकसद गलत नहीं था। गायक ने लोगों से शराब न पीने की अपील की थी। गौरव पटेल ने कहा कि फिर भी किसी को बुरा लगा है तो वह इसके लिए क्षमा प्रार्थी हैं।
