रफीक खान
मध्य प्रदेश के जबलपुर जिला अंतर्गत बरेला थाना क्षेत्र के ग्राम बम्हनी में शुक्रवार की देर शाम भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के बीच धारदार हथियारों से खूनी संघर्ष हो गया। इस घटना में भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष, उनके भाई, परिवार की महिलाएं तथा जनपद सदस्य तक घायल हुए हैं। घटना में तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिन्हें नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी घायल अन्य अस्पतालों में भर्ती है। घटना 51 फीट ऊंची दुर्गा प्रतिमा विसर्जन चल समारोह के दौरान हुई है। आरंभिक जानकारी में मंडल अध्यक्ष द्वारा जनपद सदस्य तथा जिला पंचायत सदस्य के परिवार जनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राजनीतिक लड़ाई के कारण पूरी रात पुलिस हलाकान होती रही। A late-night altercation broke out during the immersion procession of a 51-foot-tall Durga idol; an old, underlying enmity resurfaced amidst a conflict between other parties.
घटना के सिलसिले में मिली जानकारी के अनुसार कहा जाता है कि बरेला के बम्हनी गांव में स्थापित 51 फीट ऊंची दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन समारोह शुक्रवार को आयोजित किया गया था। आयोजन के दौरान कुछ लोगों के बीच लड़ाई होने लगी, इस लड़ाई को आधार बनाते हुए पुरानी रंजिश उबल पड़ी तथा भारतीय जनता पार्टी के नेता जनपद सदस्य रामेश्वर साहू जो जिला पंचायत सदस्य रानी साहू के पति हैं तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष प्रवेश पटेल और उनके परिवारजन सीधे तौर पर आमने-सामने टकरा गए। दोनों में पहले गाली गलौज और उसके बाद धारदार हथियारों से हमला हो गया। घटना में प्रवेश पटेल सहित आधा दर्जन लोगों ने घायल होने की जानकारी पुलिस को दी है। वही रामेश्वर साहू ने भी खुद को घायल बताते हुए पुलिस को शिकायत दी है। रामेश्वर साहू तथा उनके भाई प्रहलाद साहू भी अस्पताल में भर्ती हैं। घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने अपने आकाओं का भी साथ लिया और देर रात तक पुलिस पर दबाव बनाने का अभियान चलता रहा। पुलिस ने इस मामले में एक पक्षीय FIR की है या उभय पक्षीय? यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
