राहुल गांधी बोले- राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा BJP-RSS और मोदी का कार्यक्रम, इसे पूरी तरह चुनावी कलेवर दे दिया गया - khabarupdateindia

खबरे

राहुल गांधी बोले- राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा BJP-RSS और मोदी का कार्यक्रम, इसे पूरी तरह चुनावी कलेवर दे दिया गया




Rafique Khan

भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तीसरे दिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी नागालैंड पहुंचे। राजधानी कोहिमा में उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम धार्मिक विधि विधान वाला नहीं है। यह कार्यक्रम भाजपा, आरएसएस और मोदी का कार्यक्रम बनकर रह गया है। उसे पूरी तरह चुनावी कलेवर दे दिया गया है। हिंदू धर्म के जो लीडर और अथॉरिटी है, उन्हें इस राजनीतिक कार्यक्रम से पूरी तरह दूर रखा गया है1 जहां तक किसी धर्म विशेष की बात है तो हम राष्ट्रीयता के पैमाने पर सभी धर्म के साथ है। सचमुच में धर्म को मानने वाले उसे "पर्सनल" रखते हैं। अपने जीवन में धर्म का उपयोग करते हैं लेकिन सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी इसका राजनीतिक उपयोग करती है और हमेशा उसी से फायदा उठाना चाहती है।

अपनी न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि मैं अपने धर्म का फायदा उठाने की कोशिश नहीं करता हूं, मैं अपने धर्म के सिद्धांतों पर जिंदगी जीने की कोशिश करता हूं। इसलिए मैं लोगों की इज्जत करता हूं, अहंकार से नहीं बोलता, नफरत नहीं फैलाता। ये मेरे लिए हिंदू धर्म है। हम नफरत और बंटा हुआ हिंदुस्तान नहीं चाहते हैं। हम मोहब्बत और भाईचारे का हिंदुस्तान चाहते हैं। राहुल गांधी ने नगालैंड के कोहिमा में द्वितीय विश्व युद्ध के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की।सुबह यात्रा शुरू करने के समय कोहिमा के लोगों ने राहुल का स्वागत किया। नगालैंड में यात्रा की शुरुआत के समय राहुल ने स्थानीय लोगों से मुलाकात की। कोहिमा में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान स्कूली छात्रों - स्थानीय लोगों के साथ चाय पी।

सीट शेयरिंग को लेकर हमारी बातचीत जारी

I.N.D.I.A में सीट शेयरिंग को लेकर राहुल ने कहा कि अलायंस चुनाव लड़ेगा और जीतेगा। सीट शेयरिंग को लेकर हमारी बातचीत जारी है। ज्यादातर जगह आसान है, कुछ एक जगह पर थोड़ा मुश्किल है, लेकिन सीट शेयरिंग की मुद्दा हम आसानी से सुलझा लेंगे। बिहार सीएम नीतीश कुमार को I.N.D.I.A के संयोजक बनाए जाने को लेकर ममता बनर्जी की नाराजगी पर राहुल ने कहा- छोटी-छोटी समस्या हैं, जो दूर हो जाएंगी। हम सभी में समन्वय है। राहुल गांधी ने कहा कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक चली पिछली यात्रा ऐतिहासिक रही थी। राहुल बोले- मणिपुर के साथ बहुत अन्याय हुआ। पहली बार हिंदुस्तान के किसी राज्य में महीनों से हिंसा चल रही है। मणिपुर में भाई-बहन, माता-पिता आंखों के सामने मरे और आज तक हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री मणिपुर में आपके आंसू पोछने, गले मिलने नहीं आए। ये शर्म की बात है।

राहुल खयाली दुनिया में जी रहे : केंद्रीय मंत्री

राहुल के आरोप पर केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राहुल खयाली दुनिया में जी रहे हैं। राम मंदिर को लेकर देश के कोने-कोने में हिंदुओं की गहरी भावना है। वे सोचते हैं कि जो कुछ झूठ वे बोलेंगे लोग उसे मान लेंगे। लेकिन भारत के लोग काफी समझदार हैं। राहुल गांधी की राजनीति तो समझते हैं। हम यह फैसला जनता पर छोड़ेंगे कि उन्हें राहुल को क्या जवाब देना चाहिए।