JHARKHAND : हेमंत सोरेन गिरफ्तार, झारखंड के नए CM होंगे चंपई, 48 विधायकों का समर्थन, 43 राजभवन पहुंचे - khabarupdateindia

खबरे

JHARKHAND : हेमंत सोरेन गिरफ्तार, झारखंड के नए CM होंगे चंपई, 48 विधायकों का समर्थन, 43 राजभवन पहुंचे


Rafique Khan

अंततः झामुमो प्रमुख तथा झारखंड राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ED ने बुधवार को लगभग 8 घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। ED ने गिरफ्तारी के बाद उन्हें पुलिस अभिरक्षा में सीएम हाउस से राज भवन पहुंचाया। वहां हेमंत सोरेन ने झारखंड के राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौपा और अपने साथ गए विधायकों का परिचय दिया। फौरन बाद हेमंत सोरेन के काफी करीबी माने जाने वाले विधायक चंपई सोरेन ने नई सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया। राज्यपाल के समक्ष कांग्रेस विधायक आलमगीर आलम ने कहा कि उनके एलाइंस में 43 विधायक है और सभी साथ आए हैं। जिन्हें बाहर खड़ा किया गया है। राज्यपाल चाहे तो उनकी गिनती कर सकते हैं। इस पर राज्यपाल ने कहा कि मैं सारी परिस्थितियों को समझ रहा हूं और प्रस्तुत किए गए पत्र का अवलोकन करने के बाद बुलावा भेजूंगा। इसके बाद सभी विधायक राज भवन से वापस लौट आए। 81 सदस्यों वाली झारखंड विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 41 हैं। 43 विधायक चंपई के साथ राजभवन गए थे। जबकि, उनके पास 48 विधायकों का समर्थन है।

जानकारी के मुताबिक कहा जाता है कि झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के इस्तीफा देने के तुरंत बाद महागठबंधन की तरफ से विधायक दल के नवनिर्वाचित नेता चंपई सोरेन ने राज्यपाल को अपना समर्थन पत्र सौंप दिया है। ऐसे में अब हर हाल में राज्यपाल को नई सरकार को शपथ दिलानी होगी। शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल सरकार से फ्लोर टेस्ट के लिए कह सकते हैं। यहां खेल नहीं हो सकता है। मौजूदा नंबर्स के मुताबिक सरकार को कोई भी परेशानी होती हुई दिखाई नहीं दे रही है। अभी 43 विधायकों ने सरकार बनाने के लिए समर्थन दिया है। एक विधायक रामदास सोरेन दिल्ली में इलाज करा रहे हैं। ऐसे में सरकार को 44 विधायकों का समर्थन प्राप्त है। बहुमत के लिए 41 विधायकों की जरूरत है। नाराज वसंत सोरेन, लोबिन हेम्ब्रम और सीता सोरेन भी चंपई सोरेन के नाम पर अपना समर्थन दे सकते हैं।