Loksabha elections 2024 : BJP ने किया 111 कैंडीडेट्स का और ऐलान, जारी हुई पांचवी सूची, फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत भी होगी चुनाव मैदान में, अरुण गोविल को भी उतारा, कांग्रेस से पलायन कर आए नेताओं को मिल रही तवज्जो - khabarupdateindia

खबरे

Loksabha elections 2024 : BJP ने किया 111 कैंडीडेट्स का और ऐलान, जारी हुई पांचवी सूची, फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत भी होगी चुनाव मैदान में, अरुण गोविल को भी उतारा, कांग्रेस से पलायन कर आए नेताओं को मिल रही तवज्जो



रफीक खान
भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए पांचवी एक और सूची शनिवार की शाम जारी कर दी। इस तरह अब तक भाजपा लोकसभा चुनाव के लिए 402 प्रत्याशियों पर अपनी मोहर लगा चुकी है। कांग्रेस से पलायन कर आए नेताओं को भाजपा में खासी तवज्जो दी जा रही है। अरुण गोविल तथा नवीन जिंदल को चंद लम्हों में ही लोकसभा का प्रत्याशी बना दिया गया। उधर फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत को भी भाजपा ने मैदान में उतारने का निर्णय सुना दिया है। भाजपा द्वारा जारी की गई पांचवी सूची में

पश्चिम बंगाल के 19, ओडिशा के 18, बिहार के 17 और उत्तर प्रदेश के 13 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। सुल्तानपुर से मेनका गांधी को मौका मिला, लेकिन उनके बेटे वरुण गांधी का नाम इस सूची में शामिल नहीं है। उनकी पीलीभीत सीट पर कांग्रेस से आए जितिन प्रसान को मैदान में उतारा गया। भाजपा ने केरल के वायनाड में राहुल गांधी के खिलाफ के. सुरेंद्रन टिकट दिया। लंबे समय से विपक्षी पार्टियों को तरह-तरह के तंज़ कर सुर्खियां बटोरने वाली अभिनेत्री कंगना रानौत के राजनीति में एंट्री हो गई है। लंबे वक्त से उनके लोकसभा चुनाव लड़ने के कयास लगाए जा रहे थे। भाजपा ने कंगना को हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से मौका दिया है। जबकि रामायण सीरियल के राम अरुण गोविल को मेरठ से मैदान में उतारा गया।जानकारी के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव के लिए अब तक कुल 402 प्रत्याशियों का ऐलान कर चुकी है। पार्टी ने 2 मार्च को पहली सूची में 195, दूसरी में 75, तीसरी में 9, चौथी में 15 और अब पांचवीं में 111 नाम घोषित किए हैं। लोकसभा चुनाव 7 चरणों में 19 अप्रैल से 1 जून के बीच होगा। चुनाव नतीजों का ऐलान एक साथ 4 जून को किया जाएगा।

मात्र आधा घंटे में खुली नवीन जिंदल की लॉटरी

गौरतलब है कि कांग्रेस नेता नवीन जिंदल ने रविवार रात करीब 8.30 बजे बीजेपी मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ली। इसके आधे घंटे बाद उनका नाम कैंडिडेट्स लिस्ट में शामिल हो गया। जिंदल कुरुक्षेत्र सीट से चुनाव लड़ेंगे। हिसार से रणजीत चौटाला उम्मीदवार होंगे। बदायूं से स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी की जगह दुर्विजय शाक्य को मौका मिला। इसके अलावा नित्यानंद राय उजियारपुर से चुनाव लड़ेंगे। बेगुसराय से गिरिराज सिंह, पटना साहिब से रविशंकर प्रसाद, दुमका से सीता सोरेन, बेलगाम से जगदीश शेट्टार, चिक्काबल्लापुर से के सुधाकरन, संबलपुर से धर्मेंद्र प्रधान, बालासोर से प्रताप सारंगी, पुरी से संबित पात्रा, भुवनेश्वर से अपराजिता सारंगी और गाजियाबाद से अतुल गर्ग को मैदान में उतारा गया है।बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में संदेशखाली कांड की पीड़िता को लोकसभा चुनाव लड़ने का मौका दिया है। इसी महिला ने सबसे पहले आवाज उठाई थी, जिसके बाद टीएमसी नेता शेख शाहजहां के करीबी ने उसे थप्पड़ मारा था।

बंगाल की सबसे ज्यादा सीटें सूची में शामिल

बीजेपी की 5वीं सूची में 17 राज्यों की 111 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हुई है। इनमें सबसे ज्यादा पश्चिम बंगाल 19, ओडिशा 18, बिहार 17, उत्तर प्रदेश 13, राजस्थान 7, आंध्र प्रदेश 6, गुजरात 6, हरियाणा 4, कर्नाटक 4, केरल 4, महाराष्ट्र 3, झारखंड 3, हिमाचल प्रदेश 2, तेलंगाना 2, गोवा 1, मिजोरम 1, सिक्किम 1 सीट शामिल हैं।