रफीक खान
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां सोनागिरी -सी सेक्टर में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपने लिव इन पार्टनर पर हथौड़े से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। वह मारणासन्न हालत में अस्पताल में भर्ती है। इसके बाद व्यक्ति ने खुद पर चाकू से 11 से अधिक बार प्रहार किया। अपना गला रेता और खुद को मौत के घाट उतार दिया। तड़प-तड़प कर हुई इस व्यक्ति की मौत और इसके पहले हथौड़े से हमले के पीछे लिव इन पार्टनर के चरित्र पर शंका कारण बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Suspicion of live-in partner led to assault with hammer, suicide attempt, and death.
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कहा जाता है कि भोपाल के पिपलानी में लक्ष्मण प्रसाद ने लिव-इन पार्टनर कल्पना पर हथौड़े से हमला किया और फिर खुद चाकू मारकर सुसाइड कर लिया। पिपलानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने आरोपी को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल महिला का इलाज जारी है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय लक्ष्मण प्रसाद रिछारिया के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर था और सोनागिरि सी-सेक्टर में रहता था। उसकी पत्नी की करीब पांच साल पहले मौत हो चुकी थी। इसके बाद से वह मोहल्ले में रहने वाली कल्पना भारती के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। कल्पना अपने पति से लंबे समय से अलग रह रही थी। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि लक्ष्मण को कल्पना के चरित्र पर शक था, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
