प्राइवेट डेकोरेटर ने आकर कूपे को हनीमून के लिए सजाया, रेलवे के जिम्मेदारों को भनक नहीं लगी या फिर मिलीभगत? - khabarupdateindia

खबरे


Thursday, 9 July 2026

प्राइवेट डेकोरेटर ने आकर कूपे को हनीमून के लिए सजाया, रेलवे के जिम्मेदारों को भनक नहीं लगी या फिर मिलीभगत?


रफीक खान
भारतीय रेल में एक बड़ा ही दिलचस्प और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शादी के बाद एक नए नवेले जोड़े ने ट्रेन में ही सुहागरात का इंतजाम कर डाला। एसी फर्स्ट क्लास के कूपे को डेकोरेटर के जरिए बेहतरीन सजवाया गया। प्राइवेट डेकोरेटर कैसे ट्रेन में साज सज्जा का इतना सामान लेकर पहुंच गया? और आराम से अपना काम करता रहा? यह सब सवाल हैं। रेल प्रबंधन द्वारा आरंभिक तौर पर चीफ टिकट इंस्पेक्टर तथा ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर को सस्पेंड कर दिया है। वही डेकोरेटर के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। A private decorator came and decorated the coupe for the honeymoon; did the railway authorities remain unaware, or was there collusion?

जानकारी के मुताबिक कहा जाता है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो बेहद हैरान करने वाला है। वीडियो देख पल भर के लिए लगता ही नहीं कि यह ट्रेन का डिब्बा है, क्योंकि अंदर का पूरा माहौल किसी फाइव-स्टार होटल जैसा दिखता है। केबिन की छत और दीवारों को रंग-बिरंगे गुब्बारों, ताजे फूलों और खूबसूरत गुलदस्तों से इस तरह पैक किया गया है कि ट्रेन की सीट और दीवारें पहचान में ही नहीं आ रहीं। पूरी सजावट का सबसे खास हिस्सा ट्रेन की बर्थ है, जहां पूरी सीट पर लाल गुलाब की पंखुड़ियों को बेहद सलीके से बिखेरकर एक बड़ा सा दिल बनाया गया है। केबिन के बीचों-बीच कुछ मोमबत्तियां भी जल रही थीं, जिससे चलती ट्रेन में आग लगने का बड़ा खतरा पैदा हो सकता था। मुंबई CSMT से बलहारशाह के बीच चलने वाली नंदीग्राम एक्सप्रेस ट्रेन (नंबर 11002) में एक नए-नवेले जोड़े ने प्राइवेसी के लिए दो सीटों वाला पूरा केबिन (कूप) बुक किया था। इस जोड़े ने सफर के दौरान एक प्राइवेट डेकोरेटर को बुलाकर पूरे केबिन को हनीमून सुइट में तब्दील करवा दिया। मामला जैसे ही रेल मंत्रालय और उच्च अधिकारियों तक पहुंचा, तुरंत ही इस पर कड़ा एक्शन शुरू हुआ। रेलवे ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि 6 जुलाई 2026 को नंदीग्राम एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे इस कपल ने अपने फर्स्ट एसी केबिन को सजाने के लिए निजी तौर पर ऑनलाइन डेकोरेटर को नियुक्त किया था। जालना स्टेशन पर डेकोरेटर का कोच में प्रवेश पूरी तरह अनधिकृत था और इसे सुरक्षा में एक गंभीर लापरवाही माना गया है। इस चूक के लिए ऑन-ड्यूटी सीटीआई गिरीश कुमार तथा संबंधित रेल कर्मचारी (टीटीई) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और विस्तृत विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा, बाहरी डेकोरेटर जालना के राहत डेकोरेटर्स के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धाराओं के तहत अनधिकृत प्रवेश, बिना टिकट यात्रा और अतिक्रमण का मामला दर्ज किया गया है। कपल की पहचान शुभम और सोनाली के रूप में हुई है लेकिन इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।