रफीक खान
मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉक्टर नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद शुक्रवार तथा शनिवार की पूरी दरमियानी रात बवाल मचा रहा। जमकर उपद्रव हुआ। पुलिस के वाहन तोड़े गए। रास्ते से निकलने वाले ट्रकों में आग लगा दी गई और कलेक्टर तथा SP तक पर पथराव किया गया। घटना में पुलिस के कई अधिकारी और कर्मचारी घायल हुए हैं। मजबूर पुलिस ने सुबह 5:00 बजे जमकर लाठी चार्ज किया और अश्रु गैस के गोले छोड़े तब नरोत्तम मिश्रा के भाजपा समर्थक भाग निकले। भाजपा नेता व कार्यकर्ता पास में ही स्थित पार्टी कार्यालय में जाकर छुप गए। उधर कलेक्टर ने प्रतिबंधात्मक धारा 163 लागू कर दी है। इसके तहत बिना अनुमति कोई भी सभा और जुलूस का आयोजन नहीं किया जा सकेगा। उधर जिस नरोत्तम मिश्रा के लिए उनके कथित समर्थक नेशनल हाईवे पर उपद्रव मचा रहे थे, पार्टी ने जब नेताजी को हड़काया तो वह बैक फुट पर आ गए। नैतिक बयान जारी करने विवश हो गए। Stones pelted at Collector and SP; several vehicles set on fire; police officers and personnel injured; politician on the back foot.
जानकारी के मुताबिक कहा जाता है कि शुक्रवार शाम 5:30 बजे शुरू हुआ चक्काजाम शनिवार सुबह करीब 5 बजे तक जारी रहा, जिससे ग्वालियर-झांसी हाईवे पर लगभग 15–20 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। 12 घंटे भारी बवाल के बाद कलेक्टर ने धारा 163 लागू कर दी है। प्रदर्शनकारियों ने कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया। एक पुलिस वाहन पलट दिया गया, एसडीओपी की गाड़ी के शीशे तोड़े गए, 5–6 ट्रकों के कांच फोड़े गए तथा एक वाहन में आग लगाने का भी प्रयास किया गया। हालात को देखते हुए दतिया भाजपा कार्यालय में मौजूद करीब 250 कार्यकर्ताओं को बाहर नहीं निकलने दिया गया। बाद में पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद समर्थक बाहर आए। कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए जिले में सीआरपीएफ की 17 कंपनियां तैनात की गई हैं। उन्होंने कहा कि जाम लगाने वाले लोगों को समझाया जा चुका है और यदि दोबारा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश हुई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। पथराव में एडिशनल एसपी मनजीत चावला, एसडीओपी भांडेर पूनम चंद यादव, एसडीओपी बड़ौनी विनायक शुक्ला सहित कुछ अन्य पुलिस कर्मियों को चोटें आई। एसडीओपी भांडेर का हाथ भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
