शाही इमाम और शहर काजी ने की अफवाहों से दूर रहने की अपील, SP ने संभाला मोर्चा, 10 पर FIR दर्ज - khabarupdateindia

खबरे


Monday, 28 September 2026

शाही इमाम और शहर काजी ने की अफवाहों से दूर रहने की अपील, SP ने संभाला मोर्चा, 10 पर FIR दर्ज


रफीक खान
मध्य प्रदेश के उज्जैन में आगामी सिंहस्थ मेले की तैयारी को लेकर चल रहे सड़क चौड़ीकरण के तहत शाही मस्जिद का एक हिस्सा आने और उसे हटाने को लेकर बीती रात से बवाल खड़ा हो गया। यहां मुस्लिम समाज के लोगों ने आक्रोशित होकर सड़क पर प्रदर्शन किया। पथराव, लाठीचार्ज, टीयर गैस चलने के कारण कई लोग घायल है। शहर काजी तथा शाही इमाम ने शांति बनाए रखने, अनावश्यक अपने घरों से बाहर होकर जमावड़ा न लगाने, अफवाहों में ना आने और न फैलाने की अपील की है। एसपी ने मोर्चा संभाला है और उनका कहना है कि मस्जिद कमेटी के साथ सामंजस्य व सहमति से स्वतः मस्जिद का हिस्सा हटाने का काम चल रहा है। Shahi Imam and City Qazi appeal to people to steer clear of rumors; SP takes charge; FIRs registered against 10 individuals.

जानकारी के मुताबिक कहा जाता है कि शाही मस्जिद के केडी गेट क्षेत्र की दिशा में मस्जिद का हिस्सा चौड़ीकरण की जद में आ रहा था। मुस्लिम समाज ऐतिहासिक मस्जिद के हिस्से को हटाने के खिलाफ है। इसी बात पर बीती रात ही बड़ी संख्या में जमावड़ा हो गया। बातचीत के दौरान हंगामा होने लगा। पथराव के बाद लाठीचार्ज और टियर गैस छोड़ने के अलावा रैपिड एक्शन फोर्स को तैनात कर दिया गया है। घटना में शहर क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी पुष्पा पंचाल तथा मुस्लिम समाज के कई लोगों के घायल होने की खबर है। मामले में शाही इमाम मोहम्मद इब्राहिम का बयान सोशल मीडिया पर जारी हो रहा है। उनका कहना है कि मस्जिद वक्त संपत्ति के रूप में पंजीकृत है और लगभग 636 साल पुरानी है। इसका इतिहास साल 1390 से जुड़ा है। प्रशासन की इस कार्रवाई पर उन्होंने कहा कि हालांकि सब कुछ शांतिपूर्वक होना चाहिए। शहर काजी खलीकुर्रहमान का कहना है कि 650 साल पुरानी ऐतिहासिक धरोहर से छेड़छाड़ नहीं होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि वह अफवाहों पर ध्यान ना दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुस्लिम समाज सिंहस्थ के सफल आयोजन के पूरी तरह पक्ष में है लेकिन प्रशासन को धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की महत्ता का सम्मान करना चाहिए। इस मामले में पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा का कहना है कि बवाल और हंगामा के बीच स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। मस्जिद कमेटी चौड़ीकरण के जद में आ रहे हिस्से को हटाने के लिए तैयार है और यह काम शुरू भी हो गया है। बुलडोजर कार्रवाई को रोक दिया गया है। 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। इनमें पांच लोग सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले शामिल है। मुस्लिम समाज द्वारा मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर डबल बेंच में एक याचिका भी दर्ज की गई है। जिस पर सोमवार को ही सुनवाई संभावित है।