12 साल का नाबालिक गंभीर रूप से झुलसा, मझौली के बाद फिर एक घटना, रामपुर में स्वागत मंचों की लाइट काटी - khabarupdateindia

खबरे


Monday, 26 October 2026

12 साल का नाबालिक गंभीर रूप से झुलसा, मझौली के बाद फिर एक घटना, रामपुर में स्वागत मंचों की लाइट काटी


रफीक खान
मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में मांडवा बस्ती रामपुर इलाके में छत पर लगे फ्लेक्स हटाने के दौरान हाई टेंशन लाइन की चपेट में आए मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि इस घटना में 12 साल का एक नाबालिक गंभीर रूप से झुलस गया। जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह फ्लेक्स नवरात्रि और विजयादशमी के अवसर पर लगाए गए थे। घटना के बाद बिजली विभाग की टीम ने रामपुर में लगे कई स्वागत मंचों के कनेक्शन काट दिए। मझौली के बाद हाई टेंशन लाइन से हुई एक और गंभीर घटना ने विद्युत सुरक्षा व्यवस्था की कलई खोल दी है। 12-year-old minor suffers severe burns; another incident follows the one in Majhauli—power supply to welcome stages in Rampur disconnected.

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कहा जाता है कि नवरात्रि और विजयदशमी के अवसर पर जगह-जगह लगाए गए फ्लेक्स मृतक की छत पर भी मौजूद थे। 23 वर्षीय किशन राजपूत, उनकी मां सीता राजपूत तथा 12 साल का किशोर बाबू उर्फ रेयान राजपूत फ्लेक्स हटा रहे थे। फ्लेक्स में लगे पाइप का एक सिरा अचानक छत के सामने से गुजरी हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया। घटना में तीनों को बुरी तरह विद्युत करंट लगा और वह दूर उचट गए। सीता राजपूत और किशन राजपूत की घटना में मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 12 साल का भतीजा गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुंचाया गया है। सूचना पाकर पुलिस तथा बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंची। पुलिस ने मां बेटे का शव उठवा कर पोस्टमार्टम के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल पहुंचा दिया है। उधर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और लोक निर्माण विभाग के मंत्री तथा क्षेत्रीय विधायक राकेश सिंह ने शोक संवेदना व्यक्त की है। मझौली में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई हाई टेंशन लाइन की घटना के बाद रामपुर की घटना से लोग सहम गए हैं। नींद से जागे बिजली विभाग के अमले ने आनन फानन में पड़ाव वाली महाकाली विसर्जन जुलूस के स्वागत में लगाए गए स्वागत मंचों की जांच पड़ताल की। इस दौरान कटे और खुले हुए तार वाले बिजली कनेक्शन तत्काल काट दिए गए।