गढ़ा थाने के सामने त्रिपुरी चौक पर पुरानी रंजिश को लेकर हुई घटना, दोनों आरोपी गिरफ्तार - khabarupdateindia

खबरे


Thursday, 22 October 2026

गढ़ा थाने के सामने त्रिपुरी चौक पर पुरानी रंजिश को लेकर हुई घटना, दोनों आरोपी गिरफ्तार


रफीक खान
मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में उपनगरीय क्षेत्र गढ़ा के दशहरा चल समारोह में सुबह 5:00 बजे के लगभग थाने के सामने त्रिपुरी चौक पर चाकू बाजी की घटना हो गई। इस घटना में गढ़ा थाने में पदस्थ एक सब इंस्पेक्टर भी चोटिल हो गया। एक अन्य पुलिसकर्मी को भी मामूली चोट लगी है। मुख्य रूप से चाकू बाजी का शिकार हुए युवक को नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। घटना पुरानी रंजिश को लेकर होना बताई जा रही है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।Incident occurs at Tripuri Chowk, opposite Garha police station, due to an old enmity; both accused arrested.

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कहा जाता है कि बुधवार को गढ़ा क्षेत्र का दशहरा चल समारोह गौतम जी की मडिया से शुरू होकर गुलौआ चौक, बी टी तिराहा, आनंद कुंज, गढ़ा बाजार होते हुए त्रिपुरी चौक से गुजर रहा था। गुरुवार की सुबह 5:00 बजे आकाश झरिया तथा उसके एक साथी ने धनवंतरी नगर भूकंप कॉलोनी परसवाड़ा निवासी अनुराग पांडे पर चाकू से हमला बोल दिया। जैसे ही अनुराग पर चाकू से हमला किया गया, वह गिर पड़ा। रक्त रंजित हालत में कुछ लोगों ने उसे संभाला और अस्पताल के लिए रवाना कर दिया। इस बीच भीड़ ने दोनों हमलावरों को दबोच लिया और उनकी भी पिटाई शुरू कर दी। मौके पर मौजूद गढ़ा थाने के सब इंस्पेक्टर संजय गुर्जर तथा अन्य पुलिस कर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। इस दौरान संजय गुर्जर को भी चाकू से चोट पहुंच गई। एक अन्य पुलिसकर्मी के भी घायल होने की खबर है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी आकाश झरिया और अनुराग पांडे का पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा है। आकाश अपराधिक प्रवृत्ति का युवक है और उसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हो चुके हैं।